रांची में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के खिलाफ पुलिस ने जुलाई 2026 में बड़ा अभियान चलाया. पूरे महीने चले विशेष अभियान के दौरान रांची ट्रैफिक पुलिस ने मोटरयान अधिनियम का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए 1,20,197 चालान काटे. इन चालानों के जरिए करीब 7.80 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया. वहीं 1,015 मामलों को अभियोजन के लिए न्यायालय भेजा गया है.
यह अभियान वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (यातायात) के नेतृत्व में शहर के सभी यातायात थाना क्षेत्रों में 1 जुलाई से 31 जुलाई तक चलाया गया.
बिना हेलमेट और नो पार्किंग में सबसे ज्यादा कार्रवाई
अभियान के दौरान दोपहिया, चारपहिया, ऑटो और टोटो वाहनों की सघन जांच की गई. सबसे ज्यादा कार्रवाई नो पार्किंग और सड़क पर वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ हुई. इस मामले में 56,032 चालान काटे गए.
वहीं बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों पर भी सख्ती बरती गई और 51,055 चालान जारी किए गए. इसके अलावा रेड लाइट उल्लंघन के 4,471, ओवर स्पीड के 2,367 और नो एंट्री तोड़ने के 1,547 चालान किए गए.
दूसरे उल्लंघनों पर भी चला अभियान
ट्रैफिक पुलिस ने बिना ड्राइविंग लाइसेंस के 505, बिना यूनिफॉर्म वाहन चलाने पर 393, फैंसी नंबर प्लेट के 217, सीट बेल्ट नहीं लगाने पर 237, ट्रिपल राइडिंग के 64 और शराब पीकर वाहन चलाने के 62 मामलों में कार्रवाई की.
इसके अलावा अतिरिक्त सवारी बैठाने के 710, गलत दिशा में वाहन चलाने के 648, पिलियन राइडर के हेलमेट नहीं पहनने के 397, प्रदूषण प्रमाणपत्र नहीं होने पर 252, प्रेशर हॉर्न के 115, मॉडिफाइड साइलेंसर के 101 और ब्लैक फिल्म के 24 मामलों में चालान काटे गए.
रांची ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले 984 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने की अनुशंसा की गई है.
रांची ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वाहन चलाते समय मोटरयान अधिनियम के नियमों का पालन करें. पुलिस ने हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने, ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने की अपील की है.
Also Read : झारखंड : श्रावणी मेला में हेलीकॉप्टर सेवा की शुरुआत 4 अगस्त से, जानें देवघर-बासुकीनाथ का किराया

