बिहार में जहरीली शराब का तांडव, बांका में 6, भागलपुर में 4 और मधेपुरा में 3 ने दम तोड़ा

भागलपुर/मधेपुरा : बिहार में एक बार फिर जहरीली शराब ने कहर बरपाया है। होली के दिन शनिवार को भागलपुर में 4 और मधेपुरा में 3 लोगों की शराब पीने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। एक शख्स की आंखों की रोशनी भी चली गई। कुछ लोग अभी अस्पताल में भर्ती हैं। बांका में भी जहरीली शराब से 6 लोगों की मौत की जानकारी मिली है।भागलपुर के साहेबगंज के मामले में मृतक के परिजन जहरीली शराब पीने से मौत की वजह बता रहे हैं, जबकि मधेपुरा के केस में परिजन और पुलिस कुछ भी बोलने से बच रही है। यहां रात में ही तीनों शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। किसी का पोस्टमॉर्टम नहीं कराया गया।

भागलपुर में मृतकों की पहचान विनोद राय, संदीप यादव, नीलेश कुमार, मिथुन कुमार के रूप में की गई है। सभी एक ही गांव के हैं। वहीं, अभिषेक कुमार की जहरीली शराब पीने से आंख की रोशनी चली गई है। मायागंज अस्पताल में इलाज चल रहा है। अभिषेक कुमार का साहेबगंज ससुराल था। वहीं मधेपुरा में मुरलीगंज प्रखंड मुख्यालय से सटे दिग्घी पंचायत के वार्ड 2 निवासी लोजपा प्रखंड अध्यक्ष (चिराग गुट) नीरज निशांत सिंह उर्फ बौआ (40), नागेंद्र सिंह के पुत्र परौकी सिंह (32) और मुरलीगंज नगर पंचायत के वार्ड-9 निवासी संजीव रमानी (25) की मौत हुई है। इसमें परौकी सिंह की मौत शुक्रवार को हुई थी।

भागलपुर में मृतक विनोद राय के बेटे चंदन राय के मुताबिक, जहरीली शराब पीने से जान गई है। बोतल लेकर घर आए थे। पीने के बाद तबीयत बिगड़ गई। हालांकि शराब कहां से लाए थे। इसके बारे में जानकारी नहीं है। शराब पीने से ही उसके पिता की मौत हुई है। मृतक संदीप यादव की पत्नी पुनम देवी बिलख रही है। रोते हुए वह कहती है कि शराब पीने से ही मौत हुई है। इस होली सब कुछ छीन गया। अब किस के भरोसे मैं रहूंगी। गांव में चारों ओर चीख-पुकार मची हुई है।