New Delhi : बदलती जीवनशैली और बढ़ते तनाव के कारण ब्रेन स्ट्रोक के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। पहले जहां यह बीमारी बुजुर्गों तक सीमित मानी जाती थी, वहीं अब युवा और मध्यम आयु वर्ग के लोग भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, रोजमर्रा की कुछ सामान्य लेकिन गलत आदतें स्ट्रोक का खतरा कई गुना बढ़ा देती हैं।
क्या है ब्रेन स्ट्रोक?
ब्रेन स्ट्रोक तब होता है जब दिमाग तक खून का प्रवाह रुक जाता है या दिमाग की कोई नस फट जाती है। यह स्थिति लकवा, स्थायी विकलांगता या मौत तक का कारण बन सकती है। ब्रेन स्ट्रोक तब होता है जब दिमाग तक खून का प्रवाह अचानक रुक जाता है या दिमाग की कोई रक्त नली फट जाती है। यह एक गंभीर मेडिकल स्थिति है, जो लकवा, स्थायी विकलांगता और यहां तक कि मौत का कारण भी बन सकती है।
विशेषज्ञों का कहना है कि स्ट्रोक के चार प्रमुख कारण सबसे अधिक जिम्मेदार हैं
सबसे पहला कारण हाई ब्लड प्रेशर है। यूके की स्वास्थ्य एजेंसी एनएचएस के अनुसार, हाई ब्लड प्रेशर रक्त नलिकाओं को कमजोर करता है, जिससे दिमाग तक खून की आपूर्ति बाधित होती है। चूंकि इसके शुरुआती लक्षण अक्सर नजर नहीं आते, इसलिए नियमित रूप से ब्लड प्रेशर की जांच जरूरी मानी जाती है।
दूसरा कारण अनहेल्दी लाइफस्टाइल और गलत खानपान है। फास्ट फूड, अधिक तेल और नमक वाले भोजन में मौजूद ट्रांस फैट और कोलेस्ट्रॉल नसों में प्लाक जमा कर देते हैं। इसके साथ ही नींद की कमी और शारीरिक गतिविधियों की कमी भी स्ट्रोक के खतरे को बढ़ाती है।
तीसरा बड़ा कारण स्मोकिंग और शराब का सेवन है। सिगरेट खून को गाढ़ा बनाती है और नसों में ब्लॉकेज की संभावना बढ़ाती है, जबकि शराब ब्लड प्रेशर को असंतुलित कर देती है। कम उम्र में इन आदतों की शुरुआत से स्ट्रोक का खतरा और अधिक बढ़ जाता है।
चौथा कारण अत्यधिक तनाव बताया गया है। लगातार तनाव में रहने से शरीर में कॉर्टिसोल हार्मोन का स्तर बढ़ता है, जिसका सीधा असर ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर पर पड़ता है। विशेषज्ञों के अनुसार, लंबे समय तक मानसिक तनाव में रहने वाले लोगों में स्ट्रोक की आशंका अधिक होती है।
इनके अलावा बढ़ती उम्र, परिवार में स्ट्रोक या हृदय रोग का इतिहास, प्रदूषण में लंबे समय तक रहना और कुछ वायरल संक्रमण भी स्ट्रोक के जोखिम को बढ़ा सकते हैं।
बचाव कैसे करें?
- नियमित BP और शुगर जांच
- संतुलित और घर का बना भोजन
- रोज़ 30 मिनट व्यायाम
- स्मोकिंग और शराब से दूरी
- योग, ध्यान और पर्याप्त नींद
Disclaimer : लेख में दी गई जानकारी सामान्य सूचना के उद्देश्य से है। इसे किसी भी प्रकार की चिकित्सकीय सलाह के रूप में न लें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या इलाज के लिए हमेशा डॉक्टर की सलाह लें।
Also Read : पंडरा फायरिंग कांड : इलाज के बाद आरोपी रवि यादव अस्पताल से गिरफ्तार


