Ranchi : झारखंड सरकार ने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बड़ा फैसला लिया है। सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी को दूर करने के लिए 666 डॉक्टरों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए कार्मिक, प्रशासनिक सुधार और राजभाषा विभाग ने झारखंड लोक सेवा आयोग को अधियाचना भेज दी है। अब जल्द ही चयन प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।
स्वास्थ्य विभाग की पहल से बढ़ी प्रक्रिया
इस बहाली की पहल स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से की गई थी। विभाग ने 20 मार्च 2026 को कार्मिक विभाग को पत्र लिखकर जेपीएससी को अधियाचना भेजने का अनुरोध किया था। इसके बाद कार्मिक विभाग ने 16 अप्रैल को आधिकारिक तौर पर आयोग को प्रस्ताव भेज दिया।
नियमावली के तहत होगी नियुक्ति
यह नियुक्ति झारखंड राज्य के गैर-शैक्षणिक विशेषज्ञ चिकित्सक (भर्ती, प्रोन्नति एवं सेवा शर्त) नियमावली, 2015 और उसके संशोधित प्रावधानों के तहत की जाएगी। इससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और नियमबद्ध तरीके से पूरी होगी।
स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बड़ा लाभ
इस बहाली से सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी काफी हद तक दूर हो जाएगी। खासकर ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में मरीजों को बेहतर इलाज मिलने की उम्मीद है। इससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार आएगा और मरीजों को राहत मिलेगी।
नियमित और बैकलॉग पदों का ब्योरा
इस भर्ती में कुल 666 पद शामिल हैं, जिनमें 506 नियमित और 160 बैकलॉग पद हैं।
- फिजिशियन: 214 नियमित, 12 बैकलॉग
- शिशु रोग विशेषज्ञ: 172 नियमित, 52 बैकलॉग
- एनेस्थेटिस्ट: 28 नियमित, 29 बैकलॉग
- स्त्री रोग विशेषज्ञ: 12 नियमित, 16 बैकलॉग
- सर्जन: 10 नियमित, 14 बैकलॉग
- रेडियोलॉजिस्ट: 26 नियमित, 2 बैकलॉग
- फोरेंसिक विशेषज्ञ: 18 नियमित, 2 बैकलॉग
- चर्म रोग विशेषज्ञ: 6 नियमित, 7 बैकलॉग
- ईएनटी विशेषज्ञ: 4 नियमित, 5 बैकलॉग
- नेत्र रोग विशेषज्ञ: 4 नियमित, 6 बैकलॉग
- अस्थि रोग विशेषज्ञ: 4 नियमित, 8 बैकलॉग
- पैथोलॉजिस्ट: 4 पद
- मनोचिकित्सक: 4 नियमित, 7 बैकलॉग
सरकार के इस फैसले से झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


