Ranchi : रांची में झारखंड प्रदेश सीएनजी ऑटो चालक महासंघ ने आगामी परीक्षा को देखते हुए प्रस्तावित बैठक और बंदी को फिलहाल टाल दिया है। यह परीक्षा टाटी स्थित सरला बिरला स्कूल में आयोजित होनी है। महासंघ ने शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि परीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं अलग-अलग जगहों से परीक्षा केंद्र तक पहुंचेंगे। ऐसे में यदि बंदी या परिवहन बाधित होता, तो उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ सकता था। इसी को ध्यान में रखते हुए छात्रहित में यह फैसला लिया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष दिनेश सोनी ने कहा कि महासंघ का उद्देश्य आम जनता, खासकर विद्यार्थियों को सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी ऑटो चालकों और वाहन मालिकों से अपील की कि परीक्षा के दिन निर्धारित किराया ही लें और अतिरिक्त पैसे की वसूली न करें। उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही किराया दर को औपचारिक रूप से लागू किया जाएगा, ताकि आगे किराए को लेकर किसी तरह का विवाद न हो। महासंघ ने साफ किया कि वह हमेशा जनहित को प्राथमिकता देता है और आगे भी ऐसे फैसले लिए जाएंगे, जिससे आम लोगों, विशेष रूप से छात्रों को सुविधा मिल सके।
Also Read : चाईबासा में दोहरी ह’त्या से सनसनी, पुलिस जुटी जांच में


