Chaibasa : चाईबासा जिले के टोकलो थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग हत्या की घटनाओं ने पूरे इलाके में डर और सनसनी फैला दी है। पहली घटना चितपिल गांव की है, जहां एक 22 वर्षीय महिला की हत्या कर उसका शव रायको नदी किनारे फेंक दिया गया। वहीं दूसरी घटना बाघमारा डैम से सामने आई है, जहां एक अज्ञात युवक का नग्न शव बरामद हुआ है। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
महिला की गला रेतकर हत्या की आशंका
पुलिस के अनुसार, चितपिल गांव निवासी सीमा महतो गुरुवार को घर से झरझरा हाट जाने की बात कहकर निकली थी। देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार को ग्रामीणों ने रायको नदी किनारे एक महिला का शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।प्रारंभिक जांच में महिला के गर्दन पर गहरे जख्म के निशान मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि धारदार हथियार से गला रेतकर उसकी हत्या की गई है। बाद में परिजनों ने शव की पहचान सीमा महतो के रूप में की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पति पर हत्या का आरोप, साजिश की आशंका
मृतका के पिता विनोद महतो ने अपनी बेटी की हत्या का आरोप उसके पति रतन मुंडा पर लगाया है। उनका कहना है कि सीमा अपनी डेढ़ साल की बच्ची के साथ मायके आई हुई थी। घटना के दिन उसकी अपने पति से फोन पर बात हुई थी और उसी के बुलावे पर वह हाट गई थी, जिसके बाद वह लापता हो गई। परिजनों का आरोप है कि इस हत्या में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच और जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस कॉल डिटेल और लोकेशन खंगाल रही
टोकलो थाना प्रभारी अंकित कुमार ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस कॉल डिटेल, मोबाइल लोकेशन और संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है। उन्होंने कहा कि हर पहलू से जांच चल रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
बाघमारा डैम से मिला युवक का नग्न शव
इसी थाना क्षेत्र में दूसरी घटना बाघमारा डैम से सामने आई है, जहां एक अज्ञात युवक का नग्न शव बरामद हुआ है। शव पर कपड़े नहीं होने से यह आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की कोशिश की गई है। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पहचान और कनेक्शन तलाश रही पुलिस
पुलिस युवक की पहचान करने में जुटी है। आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों से मिलान किया जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि दोनों घटनाओं के बीच कोई संबंध तो नहीं है। फिलहाल दोनों मामलों में पुलिस की जांच जारी है, लेकिन एक ही क्षेत्र में दो हत्याओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
Also Read : राज्य में कुशासन हावी, युवाओं को आगे आना होगा : सुदेश महतो


