Ranchi : राजधानी रांची के पंडरा ओपी क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने एक और संदेही आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम रवि यादव है। पुलिस ने उसे शुक्रवार को ऑर्किड अस्पताल से गिरफ्तार किया। फायरिंग की घटना के दौरान रवि यादव को भी गोली लगी थी। वह गंभीर रूप से घायल हो गया था और इलाज के लिए ऑर्किड अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार को अस्पताल से डिस्चार्ज होते ही पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
इससे पहले पुलिस 19 जनवरी को इस पूरे कांड का खुलासा कर चुकी है। मामले में अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इनमें संजय पांडेय, आशु कुमार साहु उर्फ बबलू, जुबैर खान उर्फ अजू, संतोष कुमार गुप्ता उर्फ बाबु, पप्पु साव और रोहित पांडेय शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से एक लोडेड देशी कट्टा, एक जिंदा गोली, एक स्कॉर्पियो वाहन, सात खाली खोखे, तीन पिलेट और आठ मोबाइल फोन बरामद किए थे।
पुलिस के अनुसार, यह पूरा विवाद कांके रिंग रोड के सुकरहुटू मनातु क्षेत्र की करीब तीन एकड़ जमीन को लेकर चल रहा था। 17 जनवरी की दोपहर करीब एक बजे आकाश सिंह और विकास सिंह गुट का संजय पांडेय, रवि यादव और आशु साव उर्फ बबलू साव के गुट से विवाद हुआ, जो मारपीट में बदल गया।
इसके बाद शाम में जमीन और पैसों के लेनदेन को लेकर दोबारा बातचीत के लिए दोनों पक्षों ने पिस्का मोड़ के पास मिलने का फैसला किया। रात में पहले आकाश सिंह और विकास सिंह अपने साथियों के साथ तीन गाड़ियों से मौके पर पहुंचे। कुछ देर बाद संजय पांडेय गुट भी तीन गाड़ियों में वहां पहुंचा।
बातचीत के दौरान जमीन और पैसों को लेकर बहस बढ़ गई। इसी बीच संजय पांडेय गुट की ओर से अचानक फायरिंग शुरू कर दी गई। इस गोलीबारी में आकाश सिंह के दाहिने हाथ में एक गोली लगी, जबकि विकास सिंह के सीने में दो और बाएं हाथ में एक गोली लगी। वहीं दूसरे गुट के रवि यादव के बाएं हाथ में गोली लगी और चेहरे के पास छर्रा लगा।
घटना के बाद हमलावर स्कॉर्पियो और अन्य वाहनों से मौके से फरार हो गए थे। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। आकाश सिंह और विकास सिंह का इलाज रिम्स में हुआ, जबकि रवि यादव का इलाज ऑर्किड अस्पताल में चल रहा था। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
Also Read : जमीन बिक्री के पैसों को लेकर पंडरा में चली थी गोलियां, छह चढ़े पुलिस के हत्थे


