Ranchi : रांची जिले के सभी सरकारी प्राथमिक और मध्य विद्यालयों में बुधवार 25 मार्च को शैक्षणिक सत्र 2025-26 का सत्रांत वार्षिकोत्सव मनाया जाएगा। करीब 2000 से ज्यादा स्कूलों में एक साथ होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। हर स्कूल में बच्चों के लिए खास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
2 लाख छात्र-छात्राएं और हजारों शिक्षक होंगे शामिल
इस बड़े आयोजन में जिले के 2 लाख से ज्यादा छात्र-छात्राएं हिस्सा लेंगे। इसके अलावा 7000 से अधिक शिक्षक भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। अभिभावकों और स्थानीय लोगों की भी अच्छी-खासी मौजूदगी रहने की उम्मीद है, जिससे स्कूल और समाज के बीच जुड़ाव और मजबूत होगा।
बच्चों को मिलेगा अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका
वार्षिकोत्सव के दौरान स्कूलों में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। बच्चे नृत्य, गीत, नाटक और योग जैसी प्रस्तुतियों के जरिए अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। इससे बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और उन्हें आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।
अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी बनेंगे हिस्सा
जिला प्रशासन के निर्देश पर उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री और उपविकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवनिया समेत कई अधिकारी अलग-अलग स्कूलों में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। वहीं जनप्रतिनिधियों से भी अपने-अपने क्षेत्र के स्कूलों में जाकर कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की गई है।
सरकारी स्कूलों पर भरोसा बढ़ाने की पहल
इस कार्यक्रम का मकसद सिर्फ उत्सव मनाना नहीं है, बल्कि सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना भी है। छात्रों की नियमित उपस्थिति, मिड डे मील योजना को बेहतर बनाने और अगले सत्र में ‘जीरो ड्रॉपआउट’ लक्ष्य हासिल करने पर खास जोर दिया जा रहा है।
कला-संस्कृति और सामाजिक संदेश का संगम
कार्यक्रम में झारखंड की पारंपरिक लोकनृत्य और लोकसंगीत की झलक भी देखने को मिलेगी। इसके साथ ही देशभक्ति गीत, योग प्रदर्शन और सामाजिक मुद्दों पर आधारित नाटक भी पेश किए जाएंगे। बाल विवाह, बाल श्रम जैसी कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाने वाली प्रस्तुतियां भी इस वार्षिकोत्सव का हिस्सा होंगी।
शिक्षा के साथ समाज को जोड़ने की कोशिश
कुल मिलाकर यह आयोजन बच्चों की प्रतिभा को मंच देने के साथ-साथ समाज और स्कूल के बीच बेहतर तालमेल बनाने की कोशिश है।
प्रशासन को उम्मीद है कि इससे सरकारी स्कूलों के प्रति लोगों का भरोसा और मजबूत होगा।
Also Read : रामनवमी से पहले पलामू कमिश्नरी में 3059 लोगों को भेजा गया नोटिस


