रांची : झारखंड में मत्स्य विभाग की सरकारी नौकरी पाने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए भर्ती का नियम बदल गया है. अब मत्स्य प्रसार पर्यवेक्षक के पदों पर सीधी नियुक्ति के लिए केवल मत्स्य विज्ञान में स्नातक (B.F.Sc.) की डिग्री मान्य होगी. जंतु विज्ञान (Zoology Honours) से स्नातक अभ्यर्थी अब इस पद के लिए निर्धारित शैक्षणिक योग्यता पूरी नहीं कर सकेंगे.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में बुधवार, 18 नवंबर को हुई कैबिनेट की बैठक में झारखंड अवर मत्स्य सेवा (तृतीय संशोधन) नियमावली-2026 को मंजूरी दी गई है.
अब ICAR मान्यता प्राप्त संस्थान से B.F.Sc. होना जरूरी
कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के मत्स्य प्रभाग की ओर से तैयार संशोधन नियमावली के अनुसार, मत्स्य प्रसार पर्यवेक्षक के पद पर सीधी नियुक्ति के लिए शैक्षणिक योग्यता में बदलाव किया गया है. झारखंड अवर मत्स्य सेवा नियमावली-2015 के तहत पहले अभ्यर्थियों के लिए मत्स्य विज्ञान स्नातक या जंतु विज्ञान (प्रतिष्ठा) में स्नातक होना अनिवार्य था.
अब इस प्रावधान को बदलकर स्पष्ट किया गया है कि अभ्यर्थी के पास आयोग में आवेदन प्राप्त होने की अंतिम तिथि तक ICAR (भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद) से मान्यता प्राप्त संस्थान से मत्स्य विज्ञान स्नातक यानी B.F.Sc. की डिग्री होनी चाहिए. इस तरह अब सामान्य जंतु विज्ञान (प्रतिष्ठा) की डिग्री के आधार पर इस पद पर सीधी नियुक्ति के लिए आवेदन नहीं किया जा सकेगा.
दो समितियों की अनुशंसा के बाद बदला गया नियम
दरअसल, गुमला स्थित मात्स्यिकी विज्ञान महाविद्यालय के B.F.Sc. डिग्रीधारकों की ओर से मत्स्य विभाग में सीधी नियुक्ति के लिए शैक्षणिक योग्यता में केवल B.F.Sc. डिग्री को शामिल करने की मांग की गई थी. इसके बाद मत्स्य निदेशालय और कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग की ओर से अलग-अलग समितियों का गठन कर इस विषय पर विचार किया गया.
मत्स्य निदेशालय की समिति ने अपनी अनुशंसा में कहा कि राज्य में मात्स्यिकी विज्ञान के स्नातकों की उपलब्धता को देखते हुए सीधी नियुक्ति वाले पदों के लिए B.F.Sc. को अनिवार्य किया जा सकता है. समिति का मानना था कि इससे राज्य में मत्स्य विकास के कार्यों को मजबूती मिलेगी.
वहीं, विभागीय समिति ने B.F.Sc. को प्रोफेशनल डिग्री कोर्स घोषित किए जाने और मत्स्य विभाग के तकनीकी कार्यों की प्रकृति को देखते हुए संबंधित पदों को तकनीकी पद मानने की अनुशंसा की थी.
मत्स्य प्रसार पदाधिकारी के पदों पर प्रोन्नति का नियम नहीं बदलेगा
इस संशोधन में एक महत्वपूर्ण बात यह है कि मत्स्य प्रसार पर्यवेक्षक और मत्स्य प्रसार पदाधिकारी के पदों की नियुक्ति व्यवस्था अलग-अलग रहेगी. मौजूदा नियमावली के तहत मत्स्य प्रसार पदाधिकारी के शत-प्रतिशत पद प्रोन्नति से भरे जाने का प्रावधान है. कैबिनेट से स्वीकृत संशोधन में इस व्यवस्था को यथावत रखा गया है.
अर्थात, B.F.Sc. की अनिवार्यता मत्स्य प्रसार पर्यवेक्षक के पदों पर सीधी नियुक्ति के लिए लागू होगी. मत्स्य प्रसार पदाधिकारी के पदों पर सीधी नियुक्ति का कोई नया प्रावधान इस संशोधन में नहीं किया गया है.
68 विषयों की पढ़ाई का दिया गया तर्क
विभागीय संलेख में B.F.Sc. डिग्रीधारकों की तकनीकी दक्षता को भी योग्यता में बदलाव का आधार बनाया गया है. दस्तावेज के अनुसार, B.F.Sc. के विद्यार्थी मात्स्यिकी से संबंधित 68 विषयों का अध्ययन करते हैं. विभाग का मानना है कि इस डिग्री के अभ्यर्थियों को मत्स्य पालन और इससे जुड़े तकनीकी कार्यों की बेहतर जानकारी होती है. ऐसे में उनकी नियुक्ति राज्य में मत्स्य विकास की योजनाओं और विभागीय कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने में मददगार होगी.
विभागीय दस्तावेज में पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में भी संबंधित पदों पर B.F.Sc. की शैक्षणिक योग्यता का उल्लेख किया गया है.
कैबिनेट की मंजूरी के बाद झारखंड अवर मत्स्य सेवा नियमावली-2015 में तीसरा संशोधन किया गया है. नियमावली के अन्य प्रावधान पहले की तरह ही लागू रहेंगे.

