Jamtara : जामताड़ा में लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। बुधवार को DC रवि आनंद खुद टीम के साथ मिहिजाम रोड स्थित सिटी हॉस्पिटल पहुंच गए। उनके साथ एसडीओ अनंत कुमार, सिविल सर्जन एपीएन देव और बीडीओ अविश्वर मुर्मू भी मौजूद थे। औचक निरीक्षण के दौरान जो सामने आया, उसने सभी को चौंका दिया।
अस्पताल में मिली भारी अनियमितता
जांच के दौरान अस्पताल में कई गंभीर गड़बड़ियां सामने आईं। डॉक्टरों की मौजूदगी नहीं थी, मरीजों की भीड़ लगी हुई थी और उनके लिए जरूरी सुविधाएं भी नहीं थीं। पहले भी इस अस्पताल को लेकर शिकायत आई थी और शोकॉज नोटिस दिया गया था, लेकिन उसका जवाब नहीं देने पर डीसी ने नाराजगी जताई।
मोतियाबिंद ऑपरेशन में बड़ा खेल
सबसे बड़ा मामला मोतियाबिंद ऑपरेशन से जुड़ा सामने आया। बताया गया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत किए गए ऑपरेशन के रिकॉर्ड में गड़बड़ी मिली है। कई मरीज जामताड़ा के बताए गए, लेकिन उनके मोबाइल नंबर केरल और राजस्थान के दर्ज पाए गए। इससे पूरे मामले पर सवाल खड़े हो गए हैं।
बिना फार्मासिस्ट के चल रही थी दवा दुकान
अस्पताल के अंदर चल रही फार्मेसी भी नियमों के खिलाफ मिली। बिना फार्मासिस्ट के दवाइयों की बिक्री की जा रही थी, जो पूरी तरह गैरकानूनी है।
डीसी का सख्त फैसला, अस्पताल सील
इन सब अनियमितताओं को देखते हुए DC रवि आनंद ने सख्त कदम उठाते हुए सिटी हॉस्पिटल को तुरंत सील करने का आदेश दे दिया। साथ ही अस्पताल संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की बात भी कही गई है।
मंगलम नेत्रालय पर भी चला डंडा
निरीक्षण के दौरान टीम ने पास के मंगलम नेत्रालय की भी जांच की। यहां भी कई तरह की गड़बड़ियां मिलीं, जिसके बाद इस अस्पताल को भी खाली कराकर सील करने का आदेश दिया गया।
साफ संदेश: गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आने वाले दिनों में ऐसे अस्पतालों पर और भी सख्त कार्रवाई हो सकती है।


