Garhwa : गढ़वा जिले में मंगलवार को प्रशासनिक हलचल देखने को मिली, जब DC अनन्या मित्तल ने समाहरणालय परिसर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग विभागों और प्लास मार्ट की कार्यप्रणाली को बारीकी से परखा और अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीसी ने राजस्व, भू-अर्जन, कोषागार, नजरत, परिवहन, सामाजिक सुरक्षा कोषांग और समाज कल्याण समेत कई प्रमुख कार्यालयों का जायजा लिया। उन्होंने वहां चल रहे कामकाज को देखा और अधिकारियों से सीधे जानकारी ली।
उपस्थिति पंजी और रिकॉर्ड्स की हुई जांच
डीसी ने कई विभागों में उपस्थिति पंजी (अटेंडेंस रजिस्टर) की भी जांच की। उन्होंने फाइलों और अभिलेखों की स्थिति को देखा और साफ कहा कि सभी कर्मचारी समय पर कार्यालय पहुंचे और अपने दायित्वों को पूरी ईमानदारी से निभाएं, ताकि आम जनता को किसी तरह की परेशानी न हो।
स्वच्छता और पारदर्शिता पर खास जोर
निरीक्षण के दौरान डीसी ने साफ-सफाई को लेकर सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालय परिसर को हमेशा स्वच्छ और व्यवस्थित रखा जाए। शौचालयों की नियमित सफाई हो और फाइलों का सही तरीके से रखरखाव किया जाए, ताकि कामकाज में पारदर्शिता बनी रहे।
प्लास मार्ट का भी किया निरीक्षण
इसके बाद DC ने समाहरणालय स्थित प्लास मार्ट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध सेवाओं और सामग्री की समीक्षा की और कहा कि सेवा वितरण को और बेहतर व जनहितकारी बनाया जाए।
‘सुशासन के लिए अनुशासन जरूरी’
डीसी ने साफ शब्दों में कहा कि अनुशासन, स्वच्छता और पारदर्शिता ही सुशासन की असली पहचान है। इन्हीं आधारों पर प्रशासन को मजबूत किया जा सकता है। इस निरीक्षण के दौरान कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे, जिनमें अपर समाहर्ता राज महेश्वरम, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी संजय कुमार प्रसाद, जिला परिवहन पदाधिकारी धीरज प्रकाश और जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंकज कुमार गिरि शामिल थे।
Also Read : बिहार विधानसभा का कर्मचारी बताकर ठगा बिहारियों को, अब झारखंड में गोली लगने से हुई भार्गव सिंह की मौत


