Johar Live Desk : मशहूर सिंगर बी प्राक को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। यह धमकी कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के एक सदस्य की ओर से दी गई है। धमकी रंगदारी को लेकर दी गई है, जिसके बाद मोहाली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
सिंगर ने दर्ज कराई शिकायत
बी प्राक की टीम की ओर से इस मामले में मोहाली में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत के अनुसार, 6 जनवरी 2026 को एक विदेशी फोन नंबर से बी प्राक के करीबी सहयोगी दिलनूर को कॉल और वॉइस मैसेज भेजा गया। कॉल करने वाले ने 10 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की। ऑडियो मैसेज में कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़ा अर्जू बिश्नोई बताया। उसने धमकी देते हुए कहा कि बी प्राक तक यह संदेश पहुंचाया जाए कि उन्हें एक हफ्ते के अंदर पैसे चाहिए। मैसेज में यह भी कहा गया कि अगर रकम नहीं दी गई, तो बी प्राक को जान से मार दिया जाएगा।
जांच शुरू
धमकी से घबराकर दिलनूर ने उसी दिन मोहाली के SSP के पास लिखित शिकायत दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अब विदेशी नंबर की जांच, कॉल डिटेल और वॉइस मैसेज के फोरेंसिक सबूत जुटाए जा रहे हैं। साथ ही मामले में शामिल लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
बी प्राक के हिट गानों और सुरक्षा पर पुलिस का भरोसा
बता दें कि बी प्राक, जिनका असली नाम प्रतीक बच्चन है, अपनी भावुक आवाज और हिट गानों जैसे तेरी मिट्टी और रांझा के लिए जाने जाते हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी और बी प्राक समेत सभी संबंधित लोगों की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
Also Read : रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर दिखा बंद का असर


