Johar Live Desk : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में व्यापारिक नेताओं की मौजूदगी में बहुप्रतीक्षित “ट्रम्प गोल्ड कार्ड” वीजा कार्यक्रम का आधिकारिक रूप से शुभारंभ किया। इस नए वीजा कार्यक्रम के तहत विदेशी नागरिक अब लगभग 10 लाख डॉलर का निवेश करके अमेरिका में स्थायी निवासी बनने और बाद में अमेरिकी नागरिकता हासिल करने का अवसर पा सकते हैं।
ट्रंप ने कहा कि यह योजना कुछ हद तक ग्रीन कार्ड जैसी है, लेकिन इसके फायदे ग्रीन कार्ड से कहीं अधिक हैं। उनका कहना था कि यह कार्यक्रम उच्च-मूल्य वाले निवेशकों और प्रतिभाशाली उद्यमियों को आकर्षित करेगा, जिससे अमेरिकी उद्योग में अरबों डॉलर का निवेश आएगा और व्यवसायों के लिए प्रतिभा बनाए रखना आसान होगा।
“गोल्ड कार्ड” वीजा कार्यक्रम की वेबसाइट अब चालू हो गई है और आवेदन ऑनलाइन स्वीकार किए जा रहे हैं। ट्रंप ने कहा कि इस योजना के तहत प्राप्त सभी पैसे सीधे अमेरिकी सरकार के पास जाएंगे। इसके तहत कंपनियां किसी प्रतिभाशाली व्यक्ति को अमेरिका में लाने के लिए 2 मिलियन डॉलर का निवेश कर सकती हैं।
ट्रंप ने विशेष रूप से कहा कि इस योजना से अमेरिकी खजाने में अरबों डॉलर का राजस्व आएगा और वैश्विक प्रतिभाओं को अमेरिका में आकर्षित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने इसे कंपनियों और तकनीकी उद्योग के लिए लाभकारी बताया और कहा कि इससे वे प्रतिभाशाली कर्मचारियों को आसानी से अमेरिका में रख पाएंगे।
हालांकि, इस कदम की आलोचना भी हो रही है। कुछ विशेषज्ञ इसे अमीर निवेशकों के लिए विशेष अवसर मान रहे हैं, जबकि आलोचक इसे सामान्य वर्कर्स और मध्यम वर्ग के लिए अनुचित बता रहे हैं। इसके बावजूद, इसे अमेरिका की निवेश-आधारित आव्रजन नीति में महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है।
Also Read : Truecaller ने पेश किया Family Protection फीचर, अब परिवार रहेगा स्कैम कॉल्स से सुरक्षित


