Dhanbad : धनबाद जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए धनबाद पुलिस अब आधुनिक तकनीक का सहारा ले रही है। इसी क्रम में सोमवार को पुलिस केंद्र में तीन दिवसीय ड्रोन प्रशिक्षण कार्यशाला की शुरुआत हुई। इसका उद्घाटन एसएसपी प्रभात कुमार ने दीप जलाकर किया। एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि बदलते दौर में पुलिसिंग को तकनीक से जोड़ना जरूरी हो गया है। ड्रोन के इस्तेमाल से पुलिस को आसमान से निगरानी की सुविधा मिलेगी, जिससे भीड़भाड़ वाले इलाकों, संवेदनशील स्थानों और दुर्गम क्षेत्रों पर नजर रखना आसान होगा। उन्होंने बताया कि इस तकनीक के जरिए गुप्त सूचना जुटाने और आपात स्थितियों में तेजी से कार्रवाई करने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि ड्रोन के उपयोग से समय की बचत होगी और जोखिम भरे ऑपरेशन में पुलिसकर्मियों की सुरक्षा भी बढ़ेगी। आने वाले समय में जरूरत के अनुसार और आधुनिक ड्रोन उपलब्ध कराने की योजना है।
प्रशिक्षण शिविर में पुलिस अधिकारी और जवानों को ड्रोन संचालन की तकनीकी जानकारी दी जा रही है। विशेषज्ञों की टीम उन्हें ड्रोन ऑपरेशन, सुरक्षा मानकों और अलग-अलग परिस्थितियों में इसके उपयोग के बारे में प्रशिक्षित कर रही है। साथ ही प्रतिभागियों को प्रैक्टिकल अभ्यास भी कराया जा रहा है, ताकि वे मैदान में इसका बेहतर उपयोग कर सकें। प्रशिक्षकों के अनुसार, ड्रोन का इस्तेमाल भीड़ नियंत्रण, सर्च ऑपरेशन, राहत एवं बचाव कार्य और अवैध गतिविधियों की निगरानी में काफी कारगर साबित होगा। नाइट विजन ड्रोन के जरिए अंधेरे में भी निगरानी संभव होगी। इसके अलावा संदिग्ध ड्रोन की पहचान कर उन्हें निष्क्रिय करने के तरीके भी सिखाए जा रहे हैं। कार्यक्रम में सिटी एसपी ऋतविक श्रीवास्तव समेत कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। यह प्रशिक्षण कार्यशाला बुधवार तक जारी रहेगी।
Also Read : हजारीबाग कोषागार घोटाला में CID की कार्रवाई तेज, SIT ने एक और आरोपी दबोचा


