रांची में बुधवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के हजारों कार्यकर्ता विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध में लोक भवन के सामने जुटे. उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग की. SIR और चुनाव आयोग के कामकाज को लेकर देश भर में विपक्ष पहले से मुखर है. झारखंड में कांग्रेस के प्रदर्शन के बाद अब JMM भी इस मुद्दे पर सड़क पर उतर आया है.
रांची के अलावा खूंटी, रामगढ़ और लोहरदगा से भी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में राजधानी पहुंचे थे. सभी रांची कॉलेज मैदान में इकट्ठा हुए और वहां से जुलूस निकालकर लोक भवन की ओर बढ़े. पूरे रास्ते SIR और चुनाव आयोग के खिलाफ नारे लगते रहे.
लोक भवन के पास पुलिस ने रोका जुलूस
जुलूस जैसे ही लोक भवन के पास पहुंचा, पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उसे आगे बढ़ने से रोक दिया. कुछ कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड हटाने की कोशिश की, लेकिन मौके पर तैनात सुरक्षा बलों ने उन्हें रोक लिया. काफी देर तक वहां नारेबाजी होती रही और विरोध का माहौल बना रहा. JMM ने 30 सितंबर को लोक भवन घेराव का ऐलान पहले ही कर दिया था. इसके लिए अलग-अलग जिलों के नेताओं को भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी.
“आंदोलन सिर्फ सड़क तक नहीं रहेगा”: सुप्रियो भट्टाचार्य
JMM के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि पार्टी का आंदोलन सिर्फ सड़क तक सीमित नहीं रहेगा. उनकी मांग है कि CEC ज्ञानेश कुमार को पद से हटाया जाए. उन्होंने यह भी कहा कि ज्ञानेश कुमार पर देशद्रोह का मुकदमा चलना चाहिए.
सुप्रियो भट्टाचार्य के मुताबिक INDIA ब्लॉक का एक प्रतिनिधिमंडल इस मामले में राष्ट्रपति से मिलेगा, जिसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी शामिल रहेंगे. प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रपति से CEC को हटाने की मांग रखेगा. उन्होंने कहा कि अगर इसके बाद भी कार्रवाई नहीं हुई, तो INDIA ब्लॉक संसद के आने वाले शीतकालीन सत्र में उनके खिलाफ महाभियोग लाने पर विचार करेगा.
महुआ माजी ने आम लोगों की परेशानी गिनाई
राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने SIR की प्रक्रिया पर सवाल उठाए. उनका आरोप है कि इससे आम लोग परेशान हो रहे हैं और कई लोगों को अपनी नागरिकता साबित करने के लिए भागदौड़ करनी पड़ रही है. उन्होंने कहा कि जिनके नाम मतदाता सूची में नहीं हैं, उनका भविष्य क्या होगा, यह बड़ा सवाल है. महुआ माजी ने साफ किया कि JMM इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक उठाती रहेगी. पार्टी ने SIR की मौजूदा प्रक्रिया को रद्द करने की मांग भी की है.
विकास मुंडा और अमित महतो का भी हमला
JMM विधायक विकास मुंडा ने आरोप लगाया कि SIR के जरिए कई राज्यों में BJP को चुनावी फायदा पहुंचाने की कोशिश हुई है. उन्होंने भी ज्ञानेश कुमार को हटाने और उन पर कानूनी कार्रवाई की मांग की. वहीं विधायक अमित महतो ने कहा कि SIR से आम जनता को दिक्कत हो रही है, इसलिए इसे तुरंत रद्द किया जाए. उन्होंने भी दोहराया कि JMM यह लड़ाई सड़क से सदन तक जारी रखेगी.
देश भर में गरमाई सियासत
SIR को लेकर विपक्षी दल देश के कई हिस्सों में प्रदर्शन कर रहे हैं. कांग्रेस समेत कई पार्टियां CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे या उन्हें हटाने की मांग कर चुकी हैं. विपक्ष का कहना है कि चुनाव आयोग के कामकाज और मतदाता सूची में हो रहे बदलावों पर सवाल हैं.
दूसरी तरफ चुनाव आयोग का कहना है कि आयोग के भीतर अलग-अलग राय होना उसकी आंतरिक प्रक्रिया का हिस्सा है और अंतिम फैसले सर्वसम्मति से ही लिए गए हैं. आयोग ने मतदाता सूची से जुड़े मामलों की समीक्षा के लिए कदम उठाने की बात भी कही है.
झारखंड में JMM का यह प्रदर्शन SIR पर चल रही सियासी खींचतान को और तेज करता दिख रहा है. अब सबकी नजर इस पर है कि INDIA ब्लॉक आगे क्या रणनीति अपनाता है और CEC को हटाने की विपक्ष की मांग संसद और संवैधानिक संस्थाओं में किस दिशा में जाती है.
Also Read : SIR पर बढ़ी हलचल, रांची की जनता से रोशनी खलखो की अपील- अफवाहों से बचें, आधिकारिक जानकारी पर करें भरोसा

