जोहार लाइव ब्यूरो
दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF) में शनिवार यानी की आज झारखंड पवेलियन का उद्घाटन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया. मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर पवेलियन का शुभारंभ किया. इस दौरान झारखंड की पारंपरिक कला, हस्तशिल्प, चित्रकला और स्थानीय उत्पादों को प्रदर्शित किया गया.
उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने पवेलियन में लगे विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया. उन्होंने कलाकारों, उद्यमियों और प्रतिभागियों से मुलाकात कर उनके उत्पादों और कामकाज की जानकारी ली. मुख्यमंत्री ने झारखंड की पारंपरिक कला और स्थानीय उत्पादों की सराहना करते हुए इन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में बेहतर पहचान दिलाने पर जोर दिया.
800 वर्ग फीट में तैयार हुआ झारखंड पवेलियन
भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में झारखंड पवेलियन को 800 वर्ग फीट क्षेत्र में तैयार किया गया है. यहां उद्योग विभाग, खान, पर्यटन, खादी बोर्ड और जेएसएलपीएस समेत विभिन्न विभागों और संस्थाओं के कुल 22 स्टॉल लगाए गए हैं. इनके माध्यम से राज्य की औद्योगिक क्षमता, पर्यटन की संभावनाओं, हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों को प्रदर्शित किया जा रहा है.
भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला झारखंड के स्थानीय उत्पादों, कलाकारों और उद्यमियों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने का मंच बन रहा है. यहां देश-विदेश से आने वाले व्यापारियों और आगंतुकों को राज्य की सांस्कृतिक विरासत और उत्पादों से रूबरू होने का मौका मिलेगा. इससे स्थानीय कलाकारों, उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को नए बाजार और पहचान मिलने की उम्मीद है.





