जोहार लाइव ब्यूरो
जेपीएससी ने जुलाई 2024 में सहायक वन संरक्षक (ACF) के पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन (संख्या 03/2024) जारी किया था. प्रारंभिक परीक्षा (PT) जुलाई 2025 में हुई, जिसका परिणाम दिसंबर 2025 में आया. इसके बाद मुख्य (लिखित) परीक्षा 4 अप्रैल 2026 से 12 अप्रैल तक चली. 7 जुलाई 2026 को इसका परिणाम घोषित कर दिया गया.
इस परीक्षा के संचालन का जिम्मा भी टीडीपीएल कंपनी के ही पास था. कुल 78 रिक्तियों के लिए हुए प्रारंभिक परीक्षा में 1,110 तथा मुख्य परीक्षा में 368 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए हैं. मिली जानकारी के मुताबिक , साक्षात्कार अब तक आयोजित नहीं किए गए हैं.
इस परीक्षा के खिलाफ सीआईडी की अब तक की जांच के अनुसार इस परीक्षा में गड़बड़ियों का मुख्य साजिशकर्ता अभय तिवारी ही है. जो कि खुद भी चयनित हो चुका है. पास होने के लिए उसने कई अनुचित साधनों का इस्तेमाल परीक्षा में किया था.
काण्ड के अन्य मुख्य गिरफ्तार एवं वांछित अभियुक्त एवं मुख्य एजेंट जैसे सानंद प्रकाश (रोल न० 24311947) एवं आदित्य पाण्डेय मुख्या अभियुक्त एवं एजेंट की बहन नीतू पाण्डेय ( रोल न० 24308370 ), लालू यादव (रोल न० 24410394) का इस परीक्षा में चयन होना परीक्षा में गड़बड़ी के सबूतों में से एक है.
अभियुक्त तथा परीक्षा संचालन हेतु नियुक्त एजेंसी के बीच महत्वपूर्ण वित्तीय एवं अन्य संबंध स्थापित होने की बात सामने आ चुकी है. यह परीक्षा भी TDPL के नामांकन (06.06.2025) के उपरांत, दिनांक 13.07.2025 को संचालित हुई है.
ये भी पढ़ें : घोटाला परीक्षा-दर-परीक्षा भाग-1: 14वीं जेपीएससी में गड़बड़ी की बात पक्की, क्या कोर्ट से रद्द होगी परीक्षा?
और भी गड़बड़ियां आ चुकी है सामने
शारीरिक परीक्षण स्थगित: मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों का शारीरिक परीक्षण (PET) 28 और 29 जुलाई 2026 को होना तय था, जिसे आयोग ने ‘अपरिहार्य कारणों’ से स्थगित कर दिया गया था
प्रश्नपत्र और उत्तर कुंजी में त्रुटियों की भरमार देखने को मिली थी. मुख्य परीक्षा के प्रश्नपत्रों में भाषा, वाक्य रचना और हिंदी-अंग्रेजी अनुवाद की दर्जनों गंभीर गलतियां सामने आईं. आरोप लगे कि अयोग्य लोगों द्वारा पेपर तैयार किए गए थे.
मॉडल उत्तर में बदलाव: आयोग को चार बार मॉडल उत्तर कुंजी (Answer Key) संशोधित करनी पड़ी, जिसमें कई प्रश्नों के उत्तर बदले गए और 7 प्रश्नों के सभी विकल्प गलत पाए गए.
रिश्वत और सेटिंग के आरोप: झारखंड में भर्ती परीक्षाओं की जांच कर रही CID के सामने यह बात आई कि ACF और FRO परीक्षाओं में पास कराने के लिए अभ्यर्थियों से 30 लाख से लेकर 1 करोड़ रुपये तक की वसूली का खेल चला था.
अभय तिवारी के कथित बयान के अनुसार, उसने अपने अभ्यर्थियों की एसीएफ और एफआरओ मुख्य परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाएं लिखवाने और उनके अंक बढ़वाने के लिए करीब 40 लाख रुपये दिए थे.
ओएमआर में हेरफेर : सीआईडी को दिए गए टीडीपीएल के कर्मचारियों के बयानों के मुताबिक, स्कैनिंग के दौरान चयनित अभ्यर्थियों की ओएमआर शीट में खाली छोड़े गए गोलों को सही उत्तर के रूप में भरा जाता था. इसके बाद अंक बढ़ाकर उन्हें सफल कराया जाता था.
अभ्यर्थियों के रोल नंबर की सूची: रामवीर सिंह के कथित स्वीकारोक्ति बयान में कहा गया कि अभय तिवारी की ओर से अभ्यर्थियों के रोल नंबर उपलब्ध कराए जाते थे. इसके आधार पर उनकी ओएमआर शीट में हेरफेर किया जाता था. रिपोर्ट में एसीएफ और एफआरओ के 40-50 अभ्यर्थियों के रोल नंबर दिए जाने का मामला सामने आया था.
उत्तर कुंजी पहले साझा करने का आरोप: सीआईडी की चार्जशीट में 26 मई 2026 को एसीएफ प्रारंभिक परीक्षा की उत्तर कुंजी टीडीपीएल कर्मचारी मो. उस्मान को व्हाट्सएप पर भेजा गया था.
ये भी पढ़ें : एसीएफ और एफआरओ परीक्षा में करीब 100 लोगों से पैसा लेकर कराया गया पास, प्रोफेसर से सेटिंग कर बढ़ाया गया नंबर
क्या होता है एसीएफ
बता दें, सहायक वन संरक्षक (Assistant Conservator of Forests – ACF) राज्य वन सेवा का एक प्रतिष्ठित राजपत्रित अधिकारी पद है. यह पद प्रशासनिक रूप से फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर (FRO) से ऊपर और प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) से ठीक नीचे होता है.
एक ACF का मुख्य कार्य अपने उप-मंडल (Sub-division) के वनों और वन्यजीवों का संरक्षण, प्रबंधन और प्रशासन संभालना है. वे अपने अधीन कार्यरत रेंज अधिकारियों के काम की निगरानी करते हैं, अवैध शिकार व कटाई रोकने की रणनीति बनाते हैं और सरकारी वन नीतियों को लागू करवाते हैं. इनकी भर्ती राज्य लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं के माध्यम से होती है.
Also Read : घोटाला परीक्षा-दर-परीक्षा भाग-2: वन पदाधिकारी पद के दामन में भी धब्बा, क्या होगा कोर्ट का रुख?





