रांची: कांग्रेस विधायक के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के बयान पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस ने पलटवार किया है. कांग्रेस के प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि आरोप लगना किसी व्यक्ति के दोषी होने का प्रमाण नहीं है. जांच पूरी होने से पहले भाजपा नेताओं को खुद न्यायाधीश बनकर फैसला सुनाने का अधिकार किसने दिया है?
राकेश सिन्हा ने आदित्य साहू पर निशाना साधते हुए कहा कि दूसरों पर उंगली उठाने से पहले भाजपा नेताओं को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए. जिनकी अपनी बनियान में छेद ही छेद हैं, उन्हें दूसरे के फटे कुर्ते पर तंज कसने से पहले अपने दामन की चिंता करनी चाहिए.
उन्होंने कहा कि भाजपा दूसरों को नैतिकता और जवाबदेही का पाठ पढ़ाने से पहले अपने नेताओं और राजनीतिक आचरण से जुड़े गंभीर सवालों का जवाब दे. सिन्हा ने अंकिता भंडारी हत्याकांड और एपस्टीन फाइल से संबंधित सार्वजनिक चर्चाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन मामलों में जिन लोगों के नामों को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं, उन पर भाजपा को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए.
जांच पूरी होने से पहले दोषी ठहराना गलत
कांग्रेस मीडिया प्रभारी ने कहा कि किसी व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज होना या आरोप लगना उसे अपराधी घोषित करने का आधार नहीं हो सकता. कांग्रेस विधायक के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है और अब जांच एजेंसियां अपना काम करेंगी. जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए. लेकिन जांच पूरी होने से पहले राजनीतिक बयानबाजी करना और खुद ही अदालत लगाकर फैसला सुनाना उचित नहीं है.
उन्होंने आदित्य साहू से सवाल किया कि क्या भाजपा में अब न्यायपालिका की भूमिका भी राजनीतिक नेताओं ने संभाल ली है? क्या भाजपा के प्रमाणपत्र से ही किसी को दोषी या निर्दोष घोषित किया जाएगा? देश की न्याय व्यवस्था और जांच एजेंसियां अपना काम करने में सक्षम हैं. भाजपा को जांच प्रक्रिया पर राजनीतिक दबाव बनाने और सार्वजनिक रूप से किसी को अपराधी घोषित करने से बचना चाहिए.
निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग
राकेश सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस का स्पष्ट मानना है कि कानून सबके लिए समान है. किसी को राजनीतिक संरक्षण नहीं मिलना चाहिए और न ही किसी को राजनीतिक दुर्भावना से निशाना बनाया जाना चाहिए. मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और सच्चाई सामने आनी चाहिए. जो भी दोषी हो, उसे कानून के मुताबिक सजा मिलनी चाहिए.
उन्होंने कहा कि केवल राजनीतिक बयानबाजी से न्याय नहीं होता, बल्कि न्याय तथ्यों, सबूतों और निष्पक्ष जांच से होता है. आदित्य साहू को जांच पूरी होने का इंतजार करना चाहिए और फैसला अदालत पर छोड़ना चाहिए, भाजपा मुख्यालय पर नहीं.





