जोहार लाइव ब्यूरो
झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) द्वारा मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा शुल्क में की गई बढ़ोतरी का विरोध तेज हो गया है. अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) ने इस वृद्धि के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए शुक्रवार यानि की आज राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा और बढ़ी हुई फीस को तुरंत वापस लेने की मांग की.
आजसू प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि वर्ष 2026-27 की परीक्षाओं के लिए शुल्क बढ़ाए जाने से छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ेगा. संगठन के अनुसार, राज्य में पहले से ही बड़ी संख्या में विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित हैं, ऐसे में परीक्षा फीस बढ़ाना पूरी तरह से छात्र विरोधी कदम है. आजसू ने मांग की है कि परीक्षा शुल्क को बिना किसी देरी के पुरानी दरों पर बहाल किया जाए.
इस दौरान ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा, प्रदेश सचिव राजेश सिंह, अनुष्का सिन्हा, महानगर अध्यक्ष अमन साहू, महानगर उपाध्यक्ष यश सोनी, अभीत कुमार, रोशनी मुंडा, राज दुबे और अंकित कुमार सहित कई अन्य सदस्य मौजूद रहे.





