झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सिमडेगा के कांग्रेस विधायक से जुड़े मामले में पत्रकार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने और उसे धमकियां मिलने के आरोपों पर राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन को घेरा है. उन्होंने कहा कि विधायक की कथित करतूतों को उजागर करने वाले पत्रकार के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज किए जाने की जानकारी मिली है. इतना ही नहीं, विधायक पर हजारों समर्थकों को बुलाकर शक्ति प्रदर्शन करने और पत्रकार को लगातार धमकियां देने के भी आरोप सामने आ रहे हैं.
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि यह बेहद गंभीर और चिंताजनक स्थिति है. आरोपों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के बजाय उन्हें उजागर करने वाले पत्रकार की आवाज दबाने और डराने की कोशिश की जा रही है. यह लोकतंत्र और स्वतंत्र पत्रकारिता पर सीधा हमला है.
हेमंत सोरेन का भी किया जिक्र
मरांडी ने इस मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का जिक्र करते हुए कहा कि जेल जाने से पहले वह भी इसी तरह फर्जी मुकदमों और सत्ता के अहंकार का शक्ति प्रदर्शन करवा चुके हैं, लेकिन अंततः उन्हें जेल जाना पड़ा. उन्होंने कहा कि सत्ता की ताकत कानून से बड़ी नहीं होती और जब कानून अपना दम दिखाता है, तो बड़े-बड़े सत्ता के अहंकार चूर हो जाते हैं.
पुलिस की भूमिका पर उठाए सवाल
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि आज पूरा देश कांग्रेस विधायक से जुड़े गंभीर आरोपों और पुलिस-प्रशासन की भूमिका को देख रहा है. आरोपी विधायक खुलेआम शक्ति प्रदर्शन कर रहा है और पत्रकार को धमकियां मिलने की खबरें हैं. अब देखना है कि पुलिस साहस दिखाते हुए कानून के मुताबिक कार्रवाई और गिरफ्तारी करती है या सत्ता के दबाव में घुटने टेक देती है.
उन्होंने कहा कि भाजपा इस लड़ाई को पूरी मजबूती से लड़ेगी. एक आदिवासी बेटी को न्याय दिलाने और पत्रकार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने तक पार्टी की आवाज बुलंद रहेगी. मरांडी ने कहा कि बेटियों के सम्मान से खिलवाड़ करने और सत्ता के दम पर कानून को चुनौती देने वालों को बख्शा नहीं जाना चाहिए. न्याय होकर रहेगा.





