किसलय शानू
दिल्ली पुलिस की एक रिपोर्ट पर झारखंड पुलिस इन दिनों अलर्ट पर है. दिल्ली पुलिस की रिपोर्ट पर झारखंड पुलिस मुख्यालय और सीआइडी ने झारखंड के 24 जिलों के एसपी को स्पेशल टास्क दिया है. यह टास्क दिल्ली के विभिन्न हिस्सों से लापता और बरामद अज्ञात शव की पहचान को लेकर है, ताकि इनके बारे कोई सूचना मिलने पर इस बात की जानकारी दिल्ली पुलिस को दी जा सके.
दिल्ली पुलिस के द्वारा झारखंड पुलिस को भेजे गए रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली के मेट्रो, नॉर्थ, ईस्ट और नॉर्थ-ईस्ट जिलों के दर्जनों मामले हैं. इनमें कुछ मामले इस प्रकार हैं.
मेट्रो जिला (थाना घिटोरनी मेट्रो) अनीश (लगभग 23 वर्ष): राजस्थान के भरतपुर (डीग) के सहशन गांव का निवासी है. यह 29 अगस्त 2026 से हौज खास मेट्रो स्टेशन क्षेत्र से लापता है. मामले में 31 अगस्त को BNS की धारा 140(3) में केस संख्या 16/2026 दर्ज हुई. कद लगभग 5 फीट 5 इंच, दुबला-पतला, लंबे काले बाल. वह काली चेक शर्ट, काली जींस और सफेद चप्पल में था.
यश बेनीवाल (लगभग 28 वर्ष): गुरुग्राम में अस्थायी रूप से रहता था, मूल निवासी मेरठ (उत्तर प्रदेश) का है.यह 20 अगस्त 2026 से छतरपुर मेट्रो स्टेशन क्षेत्र से लापता है. मामले में केस संख्या 14/2026 दर्ज है. लापता युवक का कद लगभग 5 फीट 8 इंच, गोरा रंग. वह सफेद-पीली टी-शर्ट, नीली जींस और काले क्रॉक्स में था.
ईस्ट जिला (कल्याणपुरी) रन्नो उर्फ हीना (21 वर्ष): 20 अगस्त 2026 को दोपहर लगभग 1 बजे से लापता, मामले में केस संख्या 380/2026.
सुरेंद्र कुमार (36 वर्ष): 17 अगस्त 2026 को सुबह लगभग 9 बजे से लापता. मामले में केस संख्या 381/2026 दर्ज है.
इसी तरह नॉर्थ जिला कुलदीप सिंह (34 वर्ष): पुरानी चंद्रावल (सिविल लाइंस) से 21 अगस्त 2026 की रात लगभग 10:30 बजे से लापता या अपहृत बताया गया है. शिवा कुमार (12 वर्ष 11 माह): सराय रोहिल्ला क्षेत्र से 19 अगस्त 2026 से लापता. मामले में केस संख्या 316/26 दर्ज है.
जबकि नॉर्थ-ईस्ट जिला से विवेक शर्मा (24 वर्ष): सोनिया विहार क्षेत्र से 15 अगस्त 2026 से लापता. मामले में केस संख्या 167/2026 दर्ज है. वहीं दूसरी ओर नंद नगरी क्षेत्र से प्रिन्का (25 वर्ष), अंजली (31 वर्ष) और तहिरपुर की सलमा (30 वर्ष) के लापता होने की सूचना भी है. इनके मामले क्रमशः 5 अगस्त, 19 जुलाई और 18 जुलाई 2026 से जुड़े हैं. रिपोर्ट में कई नाबालिगों के लापता या अपहृत होने की सूचना है. इनमें से कई में BNS की धारा 137(2) में FIR दर्ज है. मामले इन क्षेत्रों से हैं.
न्यू अशोक नगर: दो किशोरियाँ, 16 और 14 वर्ष.
करावल नगर: 14 वर्ष की बालिका.
खजूरी खास: 16 वर्ष की किशोरी.
बुराड़ी: 15 वर्ष का किशोर.
रूप नगर: 17 वर्ष की किशोरी.
नाबालिगों की निजता को देखते हुए यहाँ नाम नहीं दिए गए हैं.
अज्ञात शवों के मामले में पुलिस कर रही शिनाख्त का प्रयास
पुलिस ने शिनाख्त के लिए कई अज्ञात शवों की जानकारी भी साझा की है. सदर बाजार: 50-55 वर्ष के एक अज्ञात पुरुष का शव एमसीडी पार्किंग के पास ईदगाह रोड पर मिला. शरीर पर काली लाइनदार शर्ट और लाल पायजामा था. DD संख्या 30A (29 अगस्त 2026) दर्ज है. शव सब्जी मंडी मोर्चरी में रखा गया है.
मालका गंज: लगभग 50 वर्ष का एक पुरुष 15 अगस्त 2026 को पुलिस पोस्ट के पास बेहोशी की हालत में मिला था. इलाज के दौरान 21 अगस्त को उसकी मृत्यु हो गई. उसके दाहिने हाथ पर “कपिल” लिखा टैटू है. शव हिंदू राव अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित है.
मधु विहार: लगभग 45 वर्ष के एक अज्ञात पुरुष का शव 28 जून 2026 को मिला था.उसने नीली टी-शर्ट और गहरे नीले रंग का लोअर पहना था.
सराय रोहिल्ला: लगभग 40 वर्ष के “मन्नू” नामक व्यक्ति के टिक्का जंक्शन पर मिलने की सूचना है. उसे बुधपुर के अपना आश्रम वृद्धाश्रम में रखा गया है.
क्या है झारखंड पुलिस की अपील
पुलिस ने आम नागरिकों से कहा है कि इन विवरणों से मिलते-जुलते किसी व्यक्ति के बारे में जानकारी हो तो नजदीकी थाने को तुरंत सूचित करें. झारखंड के सभी जिलों के एसपी के अनुसार इससे परिवारों को अपने लापता सदस्यों तक पहुंचने और अज्ञात शवों की पहचान कर सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार कराने में मदद मिल सकती है.





