जोहार लाइव ब्यूरो
सिमडेगा से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ 14 वर्षीय नाबालिग लड़की के यौन उत्पीड़न के आरोप में POCSO एक्ट के तहत FIR दर्ज होने के बाद झारखंड की राजनीति से जुड़े पुराने मामले भी चर्चा में आ गए हैं.
सार्वजनिक रिकॉर्ड और मीडिया रिपोर्टों की पड़ताल में झारखंड की राजनीति से जुड़े तीन व्यक्तियों के नाम सामने आए हैं, जिनके खिलाफ अलग-अलग वर्षों में POCSO एक्ट के तहत मामले दर्ज हुए. इनमें एक मौजूदा विधायक, एक पूर्व मंत्री और भूषण बाड़ा शामिल हैं. इसके अलावा छत्तीसगढ़ के भाजपा नेता और पूर्व विधायक ब्रह्मानंद नेताम का नाम भी सामने आया है, जिनके खिलाफ झारखंड में POCSO का मामला दर्ज हुआ था.
भूषण बाड़ा पर नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप
सबसे ताजा मामला सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा से जुड़ा है. रांची के धुर्वा थाना में 13 नवंबर 2026 में उनके खिलाफ पॉस्को (POCSO) एक्ट के तहत FIR दर्ज की गई. 14 वर्षीय लड़की ने आरोप लगाया है कि मई 2026 में उसे पढ़ाई और स्कूल में दाखिला दिलाने का भरोसा देकर रांची लाया गया था.
शिकायत के अनुसार, उसे विधायक आवास में घरेलू काम कराया जाता था. पीड़िता ने आरोप लगाया है कि 5 अगस्त 2026 को विधायक आवास में उसके साथ दुष्कर्म किया गया. उसने मारपीट और घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है.
2015 में पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक पर लगा था आरोप
झारखंड की राजनीति से जुड़ा एक पुराना मामला वर्ष 2015 का है. तत्कालीन पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता मन्नान मल्लिक के खिलाफ रांची के डोरंडा थाना में POCSO और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था. मामला 13 वर्षीय बच्ची के यौन उत्पीड़न और बाल श्रम से जुड़ा था.
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बच्ची मन्नान मल्लिक के परिवार के यहां घरेलू काम करती थी. उसने आरोप लगाया था कि परिवार के घर में रहने के दौरान उसके साथ शारीरिक और यौन उत्पीड़न किया गया. मन्नान मल्लिक और तीन अन्य के खिलाफ 15 मार्च 2015 को मामला दर्ज किया गया था. अगले दिन पुलिस ने मन्नान मल्लिक के पोते शमशेर मल्लिक को गिरफ्तार किया था. उस समय मन्नान मल्लिक ने आरोपों से इनकार किया था.
2018 में इरफान अंसारी पर दर्ज हुआ था POCSO केस
झारखंड की राजनीति से जुड़ा दूसरा मामला जामताड़ा के कांग्रेस विधायक डॉ. इरफान अंसारी से संबंधित है. वर्ष 2018 में जामताड़ा थाना में कांड संख्या 175/2018 दर्ज किया गया था. यह मामला एक नाबालिग दुष्कर्म पीड़िता की पहचान और तस्वीर सार्वजनिक किए जाने से जुड़ा है.
आरोप था कि अक्टूबर 2018 में विधायक इरफान अंसारी अपने समर्थकों के साथ पीड़िता से मिलने अस्पताल पहुंचे थे. इस दौरान पीड़िता का नाम, पता और तस्वीर लेकर उसे मीडिया तथा व्हाट्सऐप ग्रुप में साझा किया गया. इस मामले में POCSO एक्ट की धारा 23, जुवेनाइल जस्टिस एक्ट की धारा 74 और IPC की धारा 228A सहित अन्य धाराएं लगाई गई थीं.
मामले की जांच के बाद इरफान अंसारी के सचिव तारकेश्वर राय के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई थी. हालांकि, निचली अदालत ने इरफान अंसारी के खिलाफ भी संज्ञान लिया था. विधायक ने आरोपों से मुक्त करने की मांग करते हुए अदालत का दरवाजा खटखटाया. उनके खिलाफ 21 नवंबर 2022 को आरोप तय किए गए. इसके बाद उन्होंने झारखंड हाईकोर्ट में इसे चुनौती दी. हाईकोर्ट ने 6 सितंबर 2024 को उनकी याचिका खारिज कर दी. यह मामला नाबालिग के साथ यौन अपराध का नहीं, बल्कि उसकी पहचान उजागर करने का है.
छत्तीसगढ़ के पूर्व विधायक ब्रह्मानंद नेताम का भी झारखंड कनेक्शन
झारखंड में दर्ज POCSO मामलों में दूसरे राज्य के राजनीतिक व्यक्ति का नाम भी सामने आया था. यह मामला छत्तीसगढ़ के भाजपा नेता और भानुप्रतापपुर के पूर्व विधायक ब्रह्मानंद नेताम से जुड़ा है. वर्ष 2019 में जमशेदपुर के टेल्को थाना में कांड संख्या 84/2019 दर्ज किया गया था. इसमें नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म और उसे देह व्यापार में धकेलने के आरोपों की जांच की गई थी. मामले में POCSO एक्ट की धारा 4 और 6 सहित IPC और अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम की धाराएं लगाई गई थीं.
इस मामले में कुल 10 आरोपी थे. पुलिस पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चार्जशीट दाखिल कर चुकी थी और मामले का ट्रायल शुरू हो गया था. जांच के दौरान ब्रह्मानंद नेताम समेत पांच अन्य लोगों के नाम आरोपी के रूप में जोड़े गए थे.
नवंबर 2022 में छत्तीसगढ़ के भानुप्रतापपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी बनने के बाद यह मामला राजनीतिक चर्चा में आया. झारखंड पुलिस की टीम रायपुर पहुंची और नेताम को जांच में शामिल होने का नोटिस दिया. इसके बाद नेताम ने झारखंड हाईकोर्ट का रुख किया. हाईकोर्ट ने 6 दिसंबर 2022 को उन्हें अंतरिम राहत देते हुए अगली सुनवाई तक उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं करने का निर्देश दिया था. साथ ही जांच में सहयोग करने को कहा था.





