Ranchi : हजारीबाग कोषागार से अवैध राशि निकासी मामले में CID की जांच लगातार तेज हो रही है। झारखंड सरकार के निर्देश पर गठित SIT ने इस कांड में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। अब तक कुल छह आरोपियों को पकड़ा जा चुका है। CID से मिली जानकारी के अनुसार, 3 मई 2026 को सौरभ कुमार सिंह (31) को हजारीबाग के हीराबाग चौक क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। वह मूल रूप से बिहार के रोहतास जिले का निवासी है और फिलहाल हजारीबाग में रह रहा था। जांच में उसकी भूमिका संदिग्ध पाई गई थी, जिसके बाद उसे हिरासत में लिया गया।
करोड़ों रुपये पहले ही किए जा चुके हैं फ्रीज
जांच के दौरान आरोपी के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) खाते में बड़ी रकम का पता चला। पूर्व अनुसंधानकर्ता द्वारा उसके खाते में जमा 1 करोड़ 50 लाख रुपये के फिक्स डिपॉजिट और 18 लाख 86 हजार 467 रुपये को फ्रीज कर दिया गया है। पुलिस ने सौरभ के पास से एक होंडा मोटरसाइकिल (नंबर JH02BU0844), मोबाइल फोन, बैंक पासबुक, आधार कार्ड और पैन कार्ड जब्त किया है। इन सभी की जांच की जा रही है।
गंभीर धाराओं में दर्ज है मामला
यह मामला लोहसिंगना थाना कांड संख्या 32/2026 से जुड़ा है, जिसे बाद में CID थाना कांड संख्या 05/26 के रूप में दर्ज किया गया। इसमें बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ आईटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। मामला सरकारी कोषागार से अवैध निकासी से संबंधित है, जिसे गंभीर आर्थिक अपराध माना जा रहा है।
पहले से 5 आरोपी जेल में
इससे पहले इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। इनमें शंभू कुमार, काजल कुमारी, रजनीश कुमार सिंह उर्फ पंकज सिंह, खुशबू सिंह और धीरेन्द्र सिंह शामिल हैं। CID अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। SIT टीम बैंक खातों, लेन-देन और डिजिटल साक्ष्यों की गहन पड़ताल कर रही है। आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
Also Read : 2 दर्जन से ज्यादा मामलों में वांटेड TSPC का सब जोनल कमांडर अरविंद जी गिरफ्तार, हथियार और गोलियां जब्त


