Patna : रेलवे में नौकरी देने के बदले जमीन और फ्लैट रजिस्ट्री कराने के आरोपों के मामले में लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। राउज एवेन्यू कोर्ट में लैंड फॉर जॉब केस में आज यानी गुरुवार को चार्ज फ्रेमिंग पर अहम सुनवाई हो रही है। किसी भी समय कोर्ट अपना फैसला सुना सकती है।
इससे पहले बुधवार को इस मामले की सुनवाई टल गई थी। राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी, बेटे तेजस्वी यादव और अन्य आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने पर आज निर्णय होना है। बुधवार को सीबीआई 103 आरोपियों से जुड़े दस्तावेज अदालत में पेश नहीं कर सकी, जिसके कारण सुनवाई आगे बढ़ा दी गई थी।
सीबीआई ने इस मामले में लालू परिवार के अलावा कई अन्य आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है। एजेंसी का आरोप है कि 2004 से 2009 के बीच रेल मंत्री रहते हुए, ग्रुप-डी में रेलवे नियुक्तियों के बदले लालू परिवार से जुड़े लोगों के नाम पर जमीन उपहार में या स्थानांतरित की गई।
सीबीआई का कहना है कि ये नियुक्तियां नियमों के खिलाफ थीं और लेन-देन में बेनामी संपत्तियों का उपयोग किया गया, जो आपराधिक साजिश का हिस्सा है। हालांकि सभी आरोपी आरोपों से इंकार करते हुए इसे राजनीति से प्रेरित कार्रवाई बताते हैं।
Also Read : खंडोली डैम में प्रवासी पक्षियों की चहचहाहट, सैलानियों की बढ़ी भीड़


