Patna : बिहार में नई NDA सरकार बनने के बाद सड़क विकास कार्यों को फिर गति मिल गई है। इसी कड़ी में भागलपुर जिला को एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने भागलपुर-हंसडीहा फोरलेन सड़क परियोजना को हरी झंडी दे दी है। इस परियोजना के लिए 1863 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है।
दो चरणों में होगा निर्माण
यह फोरलेन सड़क दो चरणों में बनाई जाएगी।
- पहला चरण : अलीगंज बाईपास से राजौन होते हुए ढाका मोड़ तक।
- दूसरा चरण : ढाका मोड़ से भलजोर तक निर्माण।
अधिकारियों के अनुसार परियोजना की सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। डीपीआर को केंद्रीय मंत्रालय को भेज दिया गया है और जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। कई स्थानों पर सरकारी जमीन उपलब्ध है, जबकि निजी जमीन मालिकों से बातचीत जारी है। जमीन मिलते ही निर्माण कार्य नए साल से शुरू होने की संभावना है।
सड़क पर मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
नव प्रस्तावित फोरलेन सड़क पर 12 बस स्टैंड, सार्वजनिक शौचालय, दो मीटर चौड़ा डिवाइडर, दो-दो मीटर के शोल्डर और एक-एक मीटर के फुटपाथ बनाए जाएंगे। इसके अलावा 45 पुल-पुलिया और अन्य कवर्टेड स्ट्रक्चर तैयार होंगे। बौसी के पास टोल प्लाजा भी प्रस्तावित है।
यात्रा होगी आसान, विकास को मिलेगा बढ़ावा
फोरलेन सड़क बनने के बाद भागलपुर से बासुकीनाथ की यात्रा समय चार घंटे से घटकर तीन घंटे रह जाएगी। अलीगंज बाईपास से जगदीशपुर के पास लगने वाला जाम भी खत्म होगा। लंबे समय से स्थानीय लोगों की इस सड़क की मांग अब पूरी होने जा रही है, जिससे माल ढुलाई, पर्यटन और व्यापार को गति मिलेगी। अधिकारियों का कहना है कि परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। जमीन अधिग्रहण में देरी न हो, इसके लिए विशेष टीम बनाई गई है। यह सड़क न सिर्फ भागलपुर को हंसडीहा से जोड़ेगी बल्कि पूरे इलाके की कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी।
Also Read : कोडरमा में इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में आ’ग, लाखों का सामान ज’लकर हुआ राख


