Johar Live Desk : गोवा के अरपोरा स्थित नाइट क्लब में शनिवार देर रात लगी भीषण आग में झारखंड के तीन युवकों की मौत हो गई। मृतकों में रांची जिले के फतेहपुर गांव के सगे भाई प्रदीप महतो (24) और विनोद महतो (22) शामिल हैं। वहीं, खूंटी जिले के कर्रा प्रखंड के गोविंदपुर गांव के मोहित मुंडा (22) भी इस हादसे में शिकार हुए।
तीनों युवक रोजगार की तलाश में गोवा गए थे और इसी नाइट क्लब में काम कर रहे थे। आग इतनी तेजी से फैली कि कर्मचारियों और मौजूद पर्यटकों के बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।
घटना की सूचना मिलते ही गोवा में काम कर रहे अन्य झारखंडी युवक अस्पताल पहुंचे और मृतकों की पहचान में प्रशासन की मदद की। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और कानूनी औपचारिकताओं के बाद झारखंड लाने की तैयारी चल रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, फतेहपुर और आसपास के कई गांवों से दर्जनों युवक रोजगार के सिलसिले में गोवा गए हैं। इस हादसे के बाद वे सभी दहशत और चिंता में हैं और लगातार अपने परिवारों से संपर्क कर स्थिति की जानकारी दे रहे हैं।
परिजनों का हाल बेहाल है। प्रदीप और विनोद के पिता धनेश्वर महतो अपने दोनों बेटों की एक साथ मौत की खबर सुनते ही बेसुध हो गए। मोहित मुंडा के परिवार पर भी गहरा सदमा है।
झारखंड सरकार ने अब तक तीनों युवकों की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। प्रशासन गोवा सरकार से संपर्क कर कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शवों को सोमवार या मंगलवार तक झारखंड लाने की संभावना जता रहा है।


