Koderma : कोडरमा जिले के चंदवारा थाना क्षेत्र के भोंडो गांव चौक पर स्थित बाबा इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में बीती रात अचानक आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दुकान में रखे लगभग सभी इलेक्ट्रॉनिक सामान कुछ ही मिनटों में जलकर राख हो गए।
दुकान संचालक संजय रजक ने बताया कि वे पिछले दो दिन से इलाज के लिए बाहर गए हुए थे और शनिवार रात ही घर लौटे थे। उन्हें रविवार सुबह करीब 4 बजे सूचना मिली कि उनकी दुकान से धुआं उठ रहा है। जब वे मौके पर पहुंचे, तो दुकान पूरी तरह आग की चपेट में थी। आसपास के लोग बाल्टी, पाइप और उपलब्ध संसाधनों से आग बुझाने की कोशिश में जुट गए। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक लाखों रुपए का इलेक्ट्रॉनिक सामान जल चुका था।
संजय रजक का कहना है कि आग सामान्य दुर्घटना नहीं लगती, बल्कि किसी ने जानबूझकर उनकी दुकान को निशाना बनाया। उन्होंने गांव के ही एक युवक पर आग लगाने का आरोप लगाया है। उन्होंने घटना के संबंध में थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराने और मामले की जांच की मांग की है। घटना के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।


