Patna : पटना के बाढ़ अनुमंडल के सालिमपुर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मजदूरी के पैसे मांगने पर एक युवक को पेट्रोल डालकर जला दिया गया। घटना में युवक गंभीर रूप से झुलस गया है, जिसे बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) रेफर किया गया है। यह घटना रूपस मरूआही पंचायत की है। घायल युवक की पहचान रूपस महाजी निवासी सुरेंद्र ठाकुर के बेटे चिंकू कुमार के रूप में हुई है।
मजदूरी मांगने पर किया हमला
पीड़ित चिंकू कुमार ने बताया कि वह अजय सिंह के यहां मजदूरी करता था। शुक्रवार को जब वह अपनी मजदूरी के पैसे मांगने गया, तो वहां मौजूद कुछ लोग नाराज हो गए। आरोप है कि इसके बाद उन लोगों ने चिंकू पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आग से झुलसने के बाद चिंकू रोते हुए अपनी मां के पास पहुंचता दिखाई दे रहा है। वीडियो में वह मां के पैरों में गिरकर मदद की गुहार लगाता नजर आता है।
PMCH रेफर, पुलिस कर रही जांच
किसी तरह आग बुझाकर चिंकू घर की ओर भागा। रास्ते में एक ग्रामीण डॉक्टर ने उसका प्राथमिक इलाज किया। इसके बाद उसे सीएचसी बख्तियारपुर में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे PMCH रेफर कर दिया गया। घायल के परिजनों ने इस मामले की शिकायत सालिमपुर थाना में दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार, यह घटना आपसी विवाद से जुड़ी हुई लगती है। फिलहाल सालिमपुर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान की जा रही है।
Also Read : रांची–गुमला मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, स्कूल प्रिंसिपल की मौ’त, आक्रोशित ग्रामीणों ने बोलेरो में लगाई आग


