Patna : राजधानी पटना में सड़कों और सार्वजनिक जगहों से अतिक्रमण हटाने के लिए जिला प्रशासन ने एक बार फिर सख्त अभियान शुरू कर दिया है। DM डॉ. त्यागराजन एसएम के निर्देश पर आज यानी शुक्रवार से शहर में अतिक्रमण विरोधी स्पेशल ड्राइव दोबारा शुरू की जा रही है। प्रशासन ने साफ कहा है कि अब अतिक्रमण, ट्रैफिक जाम और नियम तोड़ने वालों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। अभियान में बाधा डालने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। दोबारा अतिक्रमण करने पर अनिवार्य रूप से एफआईआर दर्ज की जाएगी।
जुर्माना और जब्ती का प्रावधान
अस्थायी अतिक्रमण पर 5 हजार रुपये और स्थायी अतिक्रमण पर 20 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही अतिक्रमण में इस्तेमाल सामान जब्त किया जाएगा। दोबारा कब्जा करने पर सीधे एफआईआर दर्ज होगी। पीएमसीएच, आईजीआईएमएस, एनएमसीएच और एम्स समेत सभी बड़े अस्पतालों के आसपास किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, ताकि मरीजों और एंबुलेंस को आने-जाने में परेशानी न हो।
9 टीमों के साथ मल्टी-एजेंसी एक्शन
यह अभियान मल्टी-एजेंसी के तहत चलाया जाएगा। इसमें जिला प्रशासन, नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस, परिवहन विभाग, राजस्व, पथ निर्माण, स्वास्थ्य, अग्निशमन, बिजली, दूरसंचार, वन विभाग और पुलिस के अधिकारी-कर्मी शामिल रहेंगे। पटना नगर निगम के छह अंचलों नूतन राजधानी, पाटलिपुत्र, कंकड़बाग, बांकीपुर, अजीमाबाद और पटना सिटी के अलावा खगौल, फुलवारीशरीफ और दानापुर नगर परिषद क्षेत्रों में भी कार्रवाई होगी। एसडीओ और एसडीपीओ को अभियान का नेतृत्व करने का निर्देश दिया गया है। वहीं अपर जिला दंडाधिकारी (नगर व्यवस्था) पूरे अभियान की निगरानी करेंगे।
ट्रैफिक पुलिस भी रहेगी अलर्ट
अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाएगी। अवैध पार्किंग पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। थानाध्यक्षों को कार्रवाई की जानकारी स्टेशन डायरी में दर्ज करने का निर्देश दिया गया है। निगरानी के लिए 5 सदस्यीय मॉनिटरिंग सेल बनाई गई है, जो रोजाना अभियान की समीक्षा करेगी।
31 जनवरी तक चलेगा अभियान
यह स्पेशल ड्राइव 31 जनवरी तक चलेगी। रोजाना रोस्टर के अनुसार टीमें मैदान में उतरेंगी और हटाए गए अतिक्रमण की लगातार निगरानी की जाएगी, ताकि दोबारा कब्जा न हो। जिलाधिकारी ने कहा कि बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था और सुरक्षित आवागमन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
Also Read : झारखंड में शुरू होंगे चार नए स्पोर्ट्स साइंस सेंटर


