Patna : राज्य सरकार प्रदेश में कामकाजी महिलाओं के लिए छात्रावास का संचालन शुरू करने जा रही है। इसके लिए पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और भागलपुर जिलों का चयन किया गया है। यह पहल मुख्यमंत्री नारी सुरक्षा योजना के तहत की जा रही है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है।
इन छात्रावासों की क्षमता 50 बेड की होगी। इसका संचालन महिला विकास निगम द्वारा ‘अपना घर’ की तर्ज पर किया जाएगा। छात्रावास का लाभ वही महिलाएं ले सकेंगी, जिनकी मासिक आय 75 हजार रुपये से अधिक नहीं हो। यह सुविधा खासतौर पर उन महिलाओं के लिए है, जो राज्य में अकेले रहकर सरकारी या अन्य सेवाओं में काम कर रही हैं।
समाज कल्याण विभाग के अनुसार, छात्रावास में रहने के लिए महिलाओं से कोई किराया नहीं लिया जाएगा। केवल भोजन का खर्च देना होगा, जो 3 हजार रुपये प्रति माह तय किया गया है। छात्रावास में बेड, टेबल, कुर्सी, 24 घंटे बिजली, आरओ से शुद्ध पानी, टीवी और मुफ्त वाई-फाई जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इच्छुक महिलाएं महिला एवं बाल विकास निगम के आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी। अगले महीने छात्रावास तैयार होने के बाद आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी। चयन पहले आओ–पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा, इसके बाद काउंसलिंग होगी। सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और अगले महीने से छात्रावास का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।


