Bettiah : भारत–नेपाल सीमा के रक्सौल बॉर्डर से पंजाब पुलिस की स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC) ने एक बड़े नार्को-आतंक नेटवर्क का खुलासा किया। इस कार्रवाई में हरैया थाना पुलिस का सहयोग भी रहा। ऑपरेशन के दौरान भारतीय सेना से फरार जवान राजबीर सिंह उर्फ फौजी और उसके साथी चिराग को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से हैंड ग्रेनेड, पिस्टल और कुल 907 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार, राजबीर सिंह को मोतिहारी जिले के रक्सौल से गिरफ्तार किया गया। वह नेपाल के रास्ते देश से फरार होने की कोशिश में था। तलाशी में उसके पास 500 ग्राम हेरोइन और एक हैंड ग्रेनेड मिला। चिराग, जो पंजाब के फाजिल्का जिले का निवासी है, के पास 407 ग्राम हेरोइन और एक 9 एमएम पिस्टल बरामद हुई। जांच में पता चला कि चिराग हेरोइन की खेपें डिलीवर करने में राजबीर का मददगार था। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि राजबीर सिंह ने 2011 में भारतीय सेना ज्वाइन की थी, लेकिन 2025 में जासूसी मामले में नाम आने के बाद फरार हो गया। दोनों आरोपी हरियाणा के सिरसा में हुए हैंड ग्रेनेड हमले में भी शामिल थे। राजबीर और चिराग ने हमले में इस्तेमाल ग्रेनेड और आर्थिक मदद उपलब्ध कराई थी।
एसएसओसी की एआईजी डी. सुदरविझी के मुताबिक, 2022 में राजबीर पाकिस्तान स्थित हैंडलरों के संपर्क में आया और संवेदनशील सैन्य जानकारियां साझा करने लगा। वह अन्य सैनिकों को भी इन हैंडलरों से मिलवाता था। पाकिस्तान स्थित हैंडलर उसे नेपाल के रास्ते यूरोप भेजने की योजना बना रहे थे। फिलहाल, राजबीर को ट्रांजिट रिमांड पर पंजाब लाया गया है और जांच जारी है। पुलिस इस नेटवर्क के अन्य संभावित कनेक्शन और अंतरराष्ट्रीय संदिग्धों की भी गहन जांच कर रही है।
Also Read : 26 दिसंबर से लागू होंगे नए रेल किराए, छोटी दूरी की यात्रा पर कोई असर नहीं


