Ranchi : ईडी ने 521 करोड़ रुपये के बड़े चिटफंड घोटाले में सख्त कदम उठाते हुए आरोपी कंपनी मैक्सीजोन और उसके संचालकों के खिलाफ रांची की विशेष अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी है। एजेंसी ने इस मामले में कंपनी के साथ उसके निदेशक चंद्रभूषण सिंह और उनकी पत्नी प्रियंका सिंह को आरोपी बनाया है।
निवेश का झांसा, कंपनी थी रजिस्टर्ड ही नहीं
जांच में सामने आया कि मैक्सीजोन टेक प्राइवेट लिमिटेड असल में मार्केटिंग का काम करने के लिए बनी थी, लेकिन उसने चिटफंड कंपनी की तरह लोगों से निवेश लेना शुरू कर दिया। कंपनी निवेश के लिए अधिकृत या रजिस्टर्ड नहीं थी, फिर भी लोगों को कम समय में ज्यादा मुनाफे का लालच दिया गया। शुरुआत में भरोसा जीतने के लिए कुछ निवेशकों को 15 से 20 प्रतिशत तक का रिटर्न भी दिया गया। इससे लोगों का विश्वास बढ़ता गया और देखते ही देखते सैकड़ों लोग इसमें पैसा लगाने लगे।
521 करोड़ की ठगी, 21 बैंकों में जमा हुआ पैसा
ईडी के मुताबिक, जब करोड़ों रुपये इकट्ठा हो गए तो कंपनी ने अचानक अपना दफ्तर बंद कर दिया और निदेशक फरार हो गए। बैंक खातों की जांच में सामने आया कि यह पूरा मामला 521 करोड़ रुपये का है। ठगी की रकम 21 अलग-अलग बैंकों में जमा की गई थी। अब तक 308 करोड़ रुपये के निवेशकों की पहचान और सत्यापन किया जा चुका है। एजेंसी ने कोर्ट को बताया है कि इस मामले की जांच अभी जारी है और आगे और खुलासे हो सकते हैं।
नाम बदलकर बना दीपक सिंह, नोएडा से हुआ गिरफ्तार
फरार होने के बाद कंपनी के निदेशक चंद्रभूषण सिंह ने अपना नाम बदलकर दीपक सिंह रख लिया था। वह अगस्त 2023 में नोएडा से पकड़ा गया। बताया जाता है कि वह मूल रूप से बिहार के वैशाली जिले का रहने वाला है। मैक्सीजोन चिटफंड घोटाले से जुड़ी जमशेदपुर में तीन एफआईआर दर्ज हैं। इन्हीं एफआईआर के आधार पर ईडी ने रांची स्थित अपने जोनल कार्यालय में पीएमएलए के तहत ईसीआइआर दर्ज कर जांच शुरू की थी।
संपत्ति कुर्क करने की तैयारी
ईडी ने पीएमएलए कोर्ट से कंपनी और आरोपियों की चल-अचल संपत्तियों की कुर्की-जब्ती की अनुमति मांगी है। एजेंसी का कहना है कि आरोपियों ने अपराध से कमाई गई रकम से करोड़ों रुपये की संपत्ति बनाई है। इन संपत्तियों की पहचान कर ली गई है और कोर्ट की मंजूरी मिलते ही जब्ती की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। ईडी का कहना है कि वह पूरे मामले की तह तक जाकर निवेशकों को न्याय दिलाने की कोशिश कर रही है।
Also Read : ईडी की बड़ी कार्रवाई: लाला सिंडिकेट की 322.71 करोड़ की संपत्ति जब्त

