गढ़वा: नगर ऊंटारी थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर भगाने और यौन शोषण करने के आरोप में पुलिस ने 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान सूरज कुमार (19), पिता स्वर्गीय गौरी राम, निवासी अहिरपुरवा, नगर ऊंटारी के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 की रात करीब दो बजे लड़की अपने घर से लापता हो गई थी. परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका. बाद में लड़की के बैग से मिले मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर सूरज कुमार ने उसके अपने साथ होने की बात स्वीकार की.
दोनों 23 नवंबर को वापस लौटे. इस दौरान नाबालिग ने आरोपी के साथ शादी कर पति-पत्नी के रूप में रहने की बात बताई. वहीं, लड़की के पिता ने आरोप लगाया कि सूरज कुमार शादी का झांसा देकर उनकी बेटी को भगाकर ले गया और उसका यौन शोषण किया.
पॉस्को मामले में हुई प्राथमिकी दर्ज
परिजन के लिखित आवेदन पर नगर ऊंटारी थाना में कांड संख्या 240/26, दिनांक 23 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 65(1), 137(2), 87 और पॉक्सो अधिनियम की धारा 4/6 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई.
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी अविनाश राज के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी को न्यायालय में पेश करने के लिए भेजा जा रहा है.
Also Read : बच्चों की सुरक्षा से जुड़े कानून के पुराने मामले भी चिल्ड्रेन कोर्ट में जाएंगे : दिल्ली हाईकोर्ट का आदेश
No comments yet. Be the first to comment!