खूंटी : PLFI के नाम पर लेवी मांगने के मामले में खूंटी पुलिस ने दो आरोपियों 24 वर्षीय संजू मांझी और अंकुश बागे को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से एक देशी कट्टा, जिंदा कारतूस, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और PLFI के तीन पर्चे बरामद किए हैं. गिरफ्तार दोनों आरोपी रनिया थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं. पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेस कर गिरफ्तारी और बरामदगी की जानकारी दी है.
पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर को तपकरा थाना क्षेत्र के कमड़ा मोड़ के पास स्थित एक आवासीय विद्यालय और 15 नवंबर को पश्चिमी सिंहभूम के आनंदपुर थाना क्षेत्र में वीकेएस सड़क निर्माण कार्य के पास PLFI के पर्चे फेंककर लेवी की मांग की गई थी. इन घटनाओं के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, तोरपा के नेतृत्व में तपकरा, रनिया और आनंदपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम लगातार छापेमारी कर रही थी.
इसी दौरान 21 नवंबर को पुलिस को सूचना मिली कि तीन व्यक्ति बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल से जयपुर, केलो होते हुए रनिया की ओर आ रहे हैं. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई की और दो व्यक्तियों को पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उनके पास से हथियार, कारतूस, एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन और PLFI के पर्चे बरामद हुए.
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने PLFI के नाम पर लेवी मांगने की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. वहीं, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
छापेमारी टीम में एसडीपीओ तोरपा विजय कुमार सिंह, मनोहरपुर अंचल के अमित रोशन कुल्लू, रनिया थाना प्रभारी श्यामल कुंभकार, आनंदपुर थाना प्रभारी प्रिंस, तपकरा थाना के कैलाश उरांव समेत तीनों थानों के सशस्त्र बल शामिल थे.
No comments yet. Be the first to comment!