रांची. वर्दी में साहस, कर्तव्य के प्रति समर्पण और चुनौती के सामने डटे रहने का जज्बा. झारखंड पुलिस के ऐसे ही 20 जांबाज अधिकारियों और कर्मियों को राज्य स्थापना दिवस समारोह में सम्मानित किया जाएगा. इनमें 13 को वीरता और 7 को सराहनीय सेवा पदक से अलंकृत किया जाएगा.
28 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस समारोह और हेमंत सोरेन सरकार की दूसरी वर्षगांठ के मुख्य आयोजन में इन्हें पदकों से अलंकृत किया जाएगा. पुलिस मुख्यालय ने सम्मानित होने वालों की सूची जारी कर दी है.
वीरता पदक के लिए 13 अधिकारियों-कर्मियों का चयन
वीरता पदक पाने वालों में वर्ष 2022, 2023 और 2024 के लिए चयनित अधिकारी और कर्मी शामिल हैं.
वर्ष 2022 के लिए पुलिस अवर निरीक्षक राजीव कुमार भगत और पुलिस अवर निरीक्षक दिव्य प्रकाश का चयन किया गया है. वर्ष 2023 के लिए पुलिस अवर निरीक्षक सनोज कुमार चौधरी, आरक्षी प्रकाश कुमार यादव, पुलिस अवर निरीक्षक सुभाष चंद्र लकड़ा, नीरज कुमार और पुलिस अवर निरीक्षक सोनू कुमार साहू को वीरता पदक दिया जाएगा.
वहीं, वर्ष 2024 के लिए भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह और राकेश रंजन के अलावा प्रकाश सोय, पुलिस अवर निरीक्षक शंकर प्रसाद कुशवाहा, पुलिस अवर निरीक्षक राजबल्लभ कुमार और पुलिस अवर निरीक्षक शिवलाल गुप्ता को सम्मानित किया जाएगा.
सराहनीय सेवा के लिए सात नामों पर मुहर
सराहनीय सेवा पदक के लिए भारतीय पुलिस सेवा के छह अधिकारियों और एक पुलिसकर्मी का चयन किया गया है. इनमें असीम विक्रांत मिंज, अनीश गुप्ता, राज कुमार मेहता, दीपक कुमार शर्मा, मुकेश कुमार और दीपक कुमार पाण्डेय शामिल हैं. इनके अलावा सहायक अवर निरीक्षक (आयुधिक) मोहम्मद अरशद खां को भी सराहनीय सेवा पदक से अलंकृत किया जाएगा.
अलग-अलग जिलों और पुलिस इकाइयों में तैनात हैं अधिकारी
पुलिस मुख्यालय की सूची के अनुसार, वीरता पदक के लिए चयनित अधिकारी और कर्मी राज्य के अलग-अलग जिलों एवं पुलिस इकाइयों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इनमें बोकारो, हजारीबाग, चतरा, रांची, पलामू, गिरिडीह, जमशेदपुर, धनबाद और रामगढ़ में पदस्थापित अधिकारी शामिल हैं. वहीं, कुछ अधिकारी पुलिस मुख्यालय और अभियान शाखा में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं.
सराहनीय सेवा पदक के लिए चयनित अधिकारी अपराध अनुसंधान विभाग, एटीएस, पुलिस मुख्यालय और जिला पुलिस में पदस्थापित हैं. इनमें कुछ अधिकारी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर भी हैं. सभी चयनित अधिकारियों और कर्मियों को 28 नवंबर को आयोजित मुख्य समारोह में पदकों से अलंकृत किया जाएगा.
Also Read : गिरिडीह उपचुनाव : जेएमएम के सामने 5 चुनौतियां, तो 5 फैक्टर बन सकते हैं ताकत
No comments yet. Be the first to comment!