रांची : झारखंड में हार्ट अटैक के मरीजों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने के लिए सरकार कार्डियोलॉजी सेवाओं का विस्तार करेगी. इसके तहत करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से हब एंड स्पोक मॉडल विकसित किया जाएगा. मेडिकल कॉलेज और कैथलैब की सुविधा वाले अस्पताल हब बनेंगे, जबकि जिला और परिधीय अस्पतालों को उनसे जोड़ा जाएगा. इस पहल के तहत आयोजित कॉन्फ्रेंस में STEMI प्रोग्राम भी लॉन्च किया गया.
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. रिम्स के कार्डियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. हेमंत नारायण को कार्यक्रम का नोडल ऑफिसर बनाया गया है.
अजय कुमार सिंह ने कहा कि तमिलनाडु जैसे राज्यों में STEMI हार्ट अटैक के मरीजों को तत्काल इलाज देने के लिए हब एंड स्पोक मॉडल संचालित है. झारखंड में भी इसी तर्ज पर व्यवस्था विकसित की जाएगी. हालांकि, राज्य में डॉक्टरों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी बड़ी चुनौती है. उन्होंने बताया कि करीब चार करोड़ की आबादी पर झारखंड में लगभग 13 हजार डॉक्टर उपलब्ध हैं. डॉक्टरों की कमी के साथ ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में उनकी तैनाती भी चुनौती बनी हुई है.
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में मेडिकल शिक्षा की सीटें करीब तीन गुना बढ़ी हैं. विशेषज्ञ और सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं.
अन्य जिलों में भी खुलेंगे कार्डियोलॉजी विभाग
अपर मुख्य सचिव ने बताया कि फिलहाल रिम्स में कार्डियोलॉजी विभाग उपलब्ध है, लेकिन आने वाले समय में राज्य के अन्य स्थानों पर भी ऐसे विभाग शुरू किए जाएंगे. योजना के लिए जरूरत के अनुसार फंड उपलब्ध कराया जाएगा. तमिलनाडु के विशेषज्ञों को झारखंड बुलाने और यहां के डॉक्टरों को प्रशिक्षित करने की भी तैयारी है.
उन्होंने कहा कि राज्य में टेली आईसीयू, टेली रेडियोलॉजी और एसएनसीयू जैसी सेवाएं संचालित की जा रही हैं. अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से भी स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाया जाएगा.
STEMI हार्ट अटैक में शुरुआती दो घंटे अहम
विशेषज्ञों के अनुसार, STEMI हार्ट अटैक में शुरुआती दो घंटे बेहद महत्वपूर्ण होते हैं. इस दौरान इलाज में देरी मरीज के लिए जानलेवा हो सकती है. ग्रामीण क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों और जरूरी सुविधाओं की कमी के कारण मरीजों को बड़े अस्पतालों तक पहुंचने में समय लगता है. नई व्यवस्था में जिला और परिधीय अस्पतालों के डॉक्टर हब अस्पतालों के विशेषज्ञों से सीधे संपर्क कर सकेंगे और मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.
तमिलनाडु, कर्नाटक, महाराष्ट्र और गोवा के अनुभवों के आधार पर झारखंड में यह मॉडल विकसित किया जाएगा. इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में भी हार्ट अटैक के मरीजों को समय पर जीवनरक्षक उपचार उपलब्ध कराना है.
Also Read : झारखंड : जामताड़ा में साइबर अपराधियों की धरपकड़ तेज करने की तैयारी, हॉटस्पॉट क्षेत्रों में होगी छापेमारी
No comments yet. Be the first to comment!