झारखंड : पलामू पुलिस ने गांधीगिरी से पढ़ाया सड़क सुरक्षा का पाठ, बिना हेलमेट वालों को पहनाई माला तो नियम मानने वालों को दिया गुलाब

पलामू : सड़क पर यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों को जागरूक करने के लिए पलामू पुलिस ने गांधीगिरी का अनूठा तरीका अपनाया. शनिवार को पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर सिंगरा चेकपोस्ट पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया.

इस दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, बिना सीट बेल्ट चारपहिया वाहन चलाने और ट्रिपल सवारी करने वालों को माला पहनाकर यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया गया. वहीं, हेलमेट पहनकर वाहन चलाने वाले चालकों को गुलाब का फूल देकर सम्मानित किया गया.

लापरवाही करने वालों को माला, नियम मानने वालों को गुलाब

अभियान के दौरान पुलिस और परिवहन विभाग की टीम ने वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व की जानकारी दी. साथ ही ओवरस्पीडिंग और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की. इस दौरान मोटरयान निरीक्षक, ट्रैफिक इंचार्ज, जिला परिवहन कार्यालय के प्रधान सहायक, सड़क सुरक्षा प्रबंधक एवं कर्मियों के अलावा चेकपोस्ट पर तैनात पुलिस पदाधिकारी और जवान मौजूद रहे.

अभियान के माध्यम से पलामू पुलिस ने लोगों को संदेश दिया कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात नियमों का पालन करना नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा से जुड़ा विषय है. पुलिस ने जागरूकता अभियान के दौरान कहा कि आज लापरवाही के कारण जो माला पहनाई जा रही है, कहीं ऐसा न हो कि कल किसी सड़क दुर्घटना के बाद तस्वीर पर माला चढ़ानी पड़े.

पलामू पुलिस ने आम नागरिकों से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने की अपील की. साथ ही यातायात नियमों का पालन कर खुद और दूसरों का जीवन सुरक्षित रखने का संदेश दिया.

Also Read : IITF-2026 : दिल्ली में झारखंड के सिल्क की धूम, झारक्राफ्ट की तसर और मलबेरी साड़ियों ने खींचा ध्यान

💬 Comments
?

No comments yet. Be the first to comment!