झारखंड : धनबाद–मतारी तीसरी रेल लाइन के लिए 5.23 एकड़ जमीन अधिग्रहित, केंद्र ने जारी किया अंतिम नोटिफिकेशन

जोहार लाइव ब्यूरो

धनबाद. धनबाद में रेलवे बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में धनबाद–मतारी तीसरी रेल लाइन परियोजना ने अहम पड़ाव पार किया है. परियोजना के लिए 5.23 एकड़ जमीन अधिग्रहण की अंतिम अधिसूचना जारी कर दी गई है. धनबाद सदर अंचल के तीन मौजों में 29 प्लॉट अधिग्रहित किए जाएंगे. भारत के राजपत्र में गजट नोटिफिकेशन प्रकाशित होने के साथ जमीन केंद्र सरकार में निहित हो जाएगी, जिससे परियोजना को आगे बढ़ाने का आधार तैयार होगा.

रेल मंत्रालय के पूर्व मध्य रेलवे की ओर से 20 नवंबर 2026 को जारी यह आधिकारिक अधिसूचना 21 नवंबर को प्रकाशित हुई है. रेल अधिनियम, 1989 की धारा 20E के तहत जारी इस अंतिम नोटिफिकेशन में भूमि अधिग्रहण की अंतिम घोषणा की गई है. इससे पहले केंद्र सरकार ने धारा 20A के तहत भूमि अधिग्रहण के इरादे की अधिसूचना जारी की थी. इसका सार स्थानीय समाचार पत्रों में प्रकाशित कराया गया और जमीन अधिग्रहण को लेकर प्राप्त आपत्तियों की सुनवाई सक्षम प्राधिकारी ने की. आपत्तियों पर आदेश पारित होने और रिपोर्ट मिलने के बाद केंद्र सरकार ने यह अंतिम अधिसूचना जारी की है.

तीन मौजों के 29 प्लॉट का होगा अधिग्रहण, मकान और फैक्ट्री की जमीन भी शामिल

अधिसूचना के अनुसार, धनबाद सदर अंचल के मटकुरिया, मूली और पाथरपाला मौजा में कुल 29 प्लॉट की जमीन अधिग्रहित की जाएगी. मटकुरिया मौजा में 0.19 एकड़, मूली मौजा में 4.28 एकड़ और पाथरपाला मौजा में 0.76 एकड़ जमीन अधिग्रहण के दायरे में है. तीनों मौजों को मिलाकर कुल 5.23 एकड़ (लगभग 2.12 हेक्टेयर) जमीन रेलवे परियोजना के लिए ली जाएगी.

अधिग्रहित जमीन में खाली भूखंडों के अलावा मकान, सहन, बगीचा और फैक्ट्री से संबंधित जमीन भी शामिल है. मूली मौजा की भूमि सूची में हिंदुस्तान मैलिएबल्स एंड फोर्जिंग्स लिमिटेड की जमीन और मकान दर्ज हैं. इसके अलावा कई निजी भू-स्वामियों की रैयती जमीन और अन्य भूखंड भी अधिग्रहण सूची में शामिल हैं. पाथरपाला मौजा में भी मकानयुक्त सहन, बगीचा और सहन वाली जमीन अधिग्रहित की जाएगी.

केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि रेल अधिनियम की धारा 20E के तहत अधिग्रहित जमीन गजट नोटिफिकेशन प्रकाशित होते ही सभी बंधनों से मुक्त होकर केंद्र सरकार में पूर्ण रूप से निहित हो जाएगी. इसके बाद संबंधित भूमि धनबाद–मतारी तीसरी रेलवे लाइन विशेष परियोजना के निर्माण, निष्पादन, अनुरक्षण, प्रबंधन और परिचालन के उद्देश्य से इस्तेमाल की जा सकेगी.

Also Read : झारखंड : एचईसी की बदहाली पर कांग्रेस ने बाबूलाल मरांडी को घेरा, पीएम मोदी से जवाब मांगने का किया आग्रह

💬 Comments
?

No comments yet. Be the first to comment!