झारखंड : अफीम की अवैध खेती पर खूंटी पुलिस सख्त, हर थाना क्षेत्र में चलेगा निगरानी अभियान

खूंटी जिले में अफीम की अवैध खेती पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है. इसको लेकर शनिवार, 21 नवंबर को पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई. एसपी कार्यालय कक्ष में हुई इस बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, खूंटी समेत जिले के सभी थाना प्रभारी शामिल हुए.

बैठक में जिले के संभावित अफीम खेती वाले इलाकों की पहचान करने, उन क्षेत्रों की नियमित निगरानी करने और अवैध खेती की रोकथाम के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई. पुलिस ने इस अभियान में जनजागरूकता बढ़ाने और संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्रवाई को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया.

पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया. उन्होंने अफीम की अवैध खेती से संबंधित किसी भी सूचना पर त्वरित और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा.

आमलोगों से अपील अवैध अफीम की खेती से रहे दूर

खूंटी पुलिस ने आम लोगों से अफीम की अवैध खेती से दूर रहने की अपील की है. साथ ही ऐसी खेती से संबंधित जानकारी स्थानीय थाने को देने का आग्रह किया है, ताकि नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें.

Also Read : झारखंड : 10 लाख के इनामी माओवादी जोनल कमांडर राम प्रसाद लकड़ा को 10 साल की सजा, 80 हजार का जुर्माना

💬 Comments
?

No comments yet. Be the first to comment!