विजय उराँव, जोहार लाइव संवाददाता
सुजाता भकत की पहचान को सिर्फ उनके पदकों की संख्या से नहीं समझा जा सकता. यह कहानी एक ऐसी स्प्रिंटर की है, जिसने कभी 100 और 200 मीटर के ट्रैक पर राज किया; जिसे हादसों और जानलेवा संक्रमण ने एक नहीं, बल्कि कई बार बिस्तर पर ला पटका; और जिसने शारीरिक सीमाओं को धता बताते हुए शून्य से एक नया खेल चुनकर दुनिया भर में अपना लोहा मनवाया.
साल 1987 में पुलिस सेवा से जुड़कर लगातार राष्ट्रीय पुलिस खेलों में पदक जीतने से लेकर वर्ष 2025 में अमेरिका के बर्मिंघम में आयोजित वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स तक, सुजाता का सफर खेल के मैदान पर टिके रहने की जिद का दूसरा नाम है.
स्कूल के दिनों से स्प्रिंटर, 1987 में पुलिस सेवा और लगातार पांच साल गोल्ड
सुजाता भकत का मूल पैतृक घर पश्चिम बंगाल के रामपुरहाट में है. उनके पिता स्वर्गीय रामरंजन भकत केंद्र सरकार (रेलवे) में कार्यरत थे, इसलिए अलग-अलग जगहों पर उनके तबादले होते रहे. जब सुजाता चौथी कक्षा में थीं, तब परिवार चक्रधरपुर (वर्तमान झारखंड) आया और यहीं बस गया. उनकी 10वीं और 12वीं तक की पढ़ाई साउथ ईस्टर्न रेलवे हाई स्कूल, चक्रधरपुर से हुई. इसके बाद उन्होंने जमशेदपुर के को-ऑपरेटिव कॉलेज से उच्च शिक्षा हासिल की. सुजाता का बचपन खेल के माहौल में बीता.
वह बताती हैं, “मैं शुरू से ही एथलीट थी. 100 और 200 मीटर की स्प्रिंटर थी. स्कूल के दिनों से ही स्कूल नेशनल और स्टेट प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेती थी. हमारे स्कूल से बॉक्सिंग, फुटबॉल और एथलेटिक्स के कई बेहतरीन खिलाड़ी निकले.”
दसवीं की परीक्षा के बाद जब उन्होंने 11वीं में दाखिला लिया, तब अविभाजित बिहार में महिला पुलिस की एथलेटिक्स टीम तैयार की जा रही थी. सुजाता उम्र में जूनियर थीं, लेकिन सीनियर वर्ग की प्रतियोगिताओं में भी शीर्ष स्थान हासिल कर रही थीं.
पुलिस अधिकारी उनके घर पहुंचे और पिता से बात की. पिता को चिंता थी कि खेल के कारण बेटी की पढ़ाई न छूट जाए. अधिकारियों ने भरोसा दिया कि पढ़ाई जारी रहेगी, केवल प्रतियोगिताओं में पुलिस का प्रतिनिधित्व करना होगा.
इसके बाद 1987 में वह विधिवत रूप से पुलिस सेवा (सहायक उप-निरीक्षक) में शामिल हुईं. पढ़ाई और खेल दोनों साथ-साथ चले. ऑल इंडिया पुलिस प्रतियोगिताओं में 100 और 200 मीटर दौड़ में उन्होंने लगातार पांच साल तक स्वर्ण पदक जीते. इसके अलावा रिले और यूनिवर्सिटी स्तर की स्पर्धाओं में भी उनका दबदबा रहा.

हादसा, रूमेटिक फीवर और 2007 में तीन सर्जरी: ‘लगा दोबारा जन्म हुआ’
पारिवारिक जिम्मेदारियों और दो बच्चों के जन्म (जो सर्जरी से हुए) के बाद उनके जीवन में मुश्किल दौर शुरू हुआ. वर्ष 2001 में एक सड़क दुर्घटना में उनकी रीढ़ की अंतिम हड्डी (कॉक्सिक्स) में फ्रैक्चर हो गया.
सुजाता याद करती हैं, “मैं लगभग एक साल तक बिस्तर पर रह गई. ठीक से चलने में ही बहुत समय लग गया और एथलेटिक्स छूट गया.”
अभी वह संभल ही रही थीं कि उन्हें रूमेटिक फीवर हो गया. जोड़ों के दर्द ने फिर सात-आठ महीने के लिए उन्हें बिस्तर पर डाल दिया. डॉक्टरों ने तेज चलने से भी मना कर दिया. लेकिन छह महीने बाद जब शरीर थोड़ा संभला, तो उन्होंने डॉक्टरों की मनाही के बावजूद धीरे-धीरे चलना और फिर दौड़ना शुरू किया.
असली संकट वर्ष 2007 में आया. उन्हें बार-बार तेज बुखार रहने लगा. कभी दफ्तर में तो कभी सड़क पर वह बेहोश होने लगीं. कई जांचों के बावजूद बीमारी पकड़ में नहीं आ रही थी. शुरुआती दौर में डॉ. कुमकुम विद्यार्थी की देखरेख में सिस्ट का इलाज चला, लेकिन कोई राहत नहीं मिली. कमजोरी बढ़ती देख सुजाता ने खुद डॉक्टरों से सर्जरी की बात कही.
आलम नर्सिंग होम में डॉ. आलम जब लैप्रोस्कोपिक प्रक्रिया कर रहे थे, तब पेट के भीतर भारी संक्रमण का पता चला. उपकरण डालते ही अंदर जमा पस बाहर आ गया. स्थिति इतनी गंभीर थी कि लगातार तीन सर्जरी करनी पड़ीं.
वह कहती हैं, “मेरा पूरा एब्डोमिनल रीजन पस से भर चुका था, जो पहले अल्ट्रासाउंड में नहीं दिखा था. सर्जरी के बाद मैं इतनी कमजोर हो गई थी कि ऐसा लगा मानो मेरा दोबारा जन्म हुआ हो.”
बांस की छड़ी, यूट्यूब और मां का साथ: पावरलिफ्टिंग में शून्य से शुरुआत
लगातार बीमारियों और सर्जरी ने उन्हें गहरे अवसाद (डिप्रेशन) में डाल दिया. उनकी एक सहेली ने उन्हें दोबारा खेल से जुड़ने की सलाह दी. लेकिन लंबे अंतराल, बढ़ती उम्र और हील स्पर (एड़ी की हड्डी बढ़ना) की वजह से 100 मीटर स्प्रिंट में लौटना नामुमकिन था. एड़ी की सर्जरी का विकल्प था, लेकिन एक परिचित खिलाड़ी का पैर खराब होते देख उन्होंने सर्जरी कराने से मना कर दिया.
मार्च 2010 में फिटनेस हासिल करने के लिए वह रांची के नेशनल जिम जाने लगीं, जिसे पूर्व पावरलिफ्टर इंदरजीत सिंह चलाते थे. वहां इंदरजीत सिंह और अन्य साथियों ने उन्हें पावरलिफ्टिंग में हाथ आजमाने के लिए प्रेरित किया.
सुजाता कहती हैं, “मुझे फिर से जीरो से तैयारी करनी पड़ी. एक स्तर पर पहुंचने के बाद फिर से शून्य पर आना आसान नहीं था. हाथ में ताकत नहीं थी, कॉन्फिडेंस नहीं आ रहा था. लेकिन मैंने हार नहीं मानी.”
शुरुआती दिनों में तकनीकी मार्गदर्शन की कमी को उन्होंने अपनी लगन से पूरा किया.
वह बताती हैं, “शुरुआत में जब आप कुछ नहीं जानते तो लोग सिखाते हैं, लेकिन कुछ अचीव कर लेने के बाद बताना बंद कर देते हैं. इसलिए मुझे यूट्यूब का सहारा लेना पड़ा. मैं लैपटॉप पर वीडियो चला देती थी और घर में बांस की छड़ी (बैंबू स्टिक) लेकर लिफ्टिंग की मुद्रा का अभ्यास करती थी. मेरी मां स्वर्गीय बिजी भकत का कोई स्पोर्ट्स बैकग्राउंड नहीं था, लेकिन वह बहुत समझदार थीं. वह वीडियो देखकर मुझे बताती थीं कि कहां गलत हो रहा है और शरीर का सही एंगल क्या होना चाहिए. मेरे माता-पिता का मेरी इस यात्रा में बहुत बड़ा योगदान रहा.”
ये भी पढ़ें : जोहार शक्ति श्रृंखला भाग 5: मर्दों ने कहा नहीं बनायेंगे शौचालय, खुद बनी रानी मिस्त्री और पूरे गांव में बना दिया
चलना मुश्किल था, फिर भी बनीं ‘स्ट्रॉन्गेस्ट वुमन’: राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंच पर पदकों की झड़ी
शून्य से शुरू हुआ पावरलिफ्टिंग का यह सफर न केवल अंतरराष्ट्रीय पोडियम तक पहुंचा, बल्कि देश में भी उन्होंने अपनी ताकत का लोहा मनवाया. जिस खिलाड़ी के लिए कुछ साल पहले तक सीधा खड़ा होना चुनौती बन गया था, उसी खिलाड़ी ने स्क्वॉट, बेंच प्रेस और डेडलिफ्ट में अपने भार वर्ग से कहीं अधिक वजन उठाकर सबको चौंका दिया.
वर्ष 2014 में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में सभी प्रतिभागियों को पछाड़कर उन्होंने ‘स्ट्रॉन्गेस्ट वुमन’ का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया. खेल संघों और पुलिस विभाग द्वारा इस असाधारण वापसी पर उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया. पदकों और उपलब्धियों का यह सिलसिला लगातार बढ़ता गया:
शून्य से शुरू हुआ यह सफर जल्द ही अंतरराष्ट्रीय पोडियम तक पहुंचा.
- वर्ष 2010 में रांची में आयोजित ईस्टर्न इंडिया प्रतियोगिता में रजत जीतने के बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा.
- 2011: एशियन पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक.
- 2012: एशियन पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप (मास्टर्स-1, 84 किग्रा वर्ग) में पहला स्थान / स्वर्ण पदक.
- 2012–2014: यूएस 365 फेडरेशन लीग मैच (लाइव मेंबर के रूप में) और कैलिफोर्निया कप में भागीदारी व स्वर्ण पदक.
- 2015 (वर्जीनिया, अमेरिका): वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में एक स्वर्ण और एक रजत पदक.
- 2017 (लॉस एंजेलिस, अमेरिका): वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में एक स्वर्ण और एक रजत पदक.
- 2018 (शार्लोट, अमेरिका): वर्ल्ड पावरलिफ्टिंग गेम्स (82.5 किग्रा) में तीन स्वर्ण और एक रजत पदक.
- 2019 (चीन): वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में दो स्वर्ण पदक.
- 2020 (अमरावती, भारत): 21वीं वर्ल्ड पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप (82 किग्रा) में स्वर्ण पदक.
- 2022 (रॉटरडैम, नीदरलैंड): वर्ल्ड पुलिस गेम्स (84 किग्रा बेंच प्रेस) में रजत पदक.
- 2023 (विन्निपेग, कनाडा): वर्ल्ड पुलिस गेम्स के पुश-पुल इवेंट में रजत पदक.
- 2025 (बर्मिंघम, अमेरिका): वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में 84 किग्रा पावरलिफ्टिंग में रजत और 84+ किग्रा बेंच प्रेस में कांस्य पदक.
इसके अलावा, भारतीय खेल संघों के आपसी विवादों से दूर रहते हुए उन्होंने अमेरिका के 365 फेडरेशन के लीग मैचों और कैलिफोर्निया कप में भी स्वर्ण पदक हासिल किए.
इस बीच 2017 के बाद जब देश के भीतर पावरलिफ्टिंग संघों में आपसी खींचतान और गुटबाजी बढ़ी, तो कई खिलाड़ी असमंजस में पड़ गए.
सुजाता बताती हैं, “एक फेडरेशन का इंटरनेशनल से सस्पेंशन हुआ, तो दूसरा बना. जिसे इंटरनेशनल एफिलिएशन था, उसे भारत सरकार से मान्यता नहीं थी. स्थिति यह हो गई कि इस फेडरेशन में खेलो तो वह सस्पेंड करने की धमकी देता, उसमें खेलो तो यह. इस गंदी राजनीति से तंग आकर मैंने भारतीय फेडरेशन के झगड़ों से दूरी बना ली.” इसके बाद वह सीधे अमेरिका के 365 फेडरेशन से लाइफ मेंबर के तौर पर जुड़ीं, उसके लीग मैच खेले और कैलिफोर्निया कप में देश के लिए स्वर्ण पदक जीता.

2019 में वीआरएस: ‘जहां कुछ न कर सकूं, वहां से निकल जाना बेहतर’
अगस्त 2019 में सुजाता ने पुलिस सेवा से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (वीआरएस) ले ली. इस फैसले पर वह स्पष्ट कहती हैं, “एक्चुअली, मुझे जॉब सैटिस्फैक्शन नहीं हो रहा था. जब किसी जगह पर काम की संतुष्टि न मिले, तो उस जगह को छोड़ देना ही ज्यादा उचित है. मुझे लगता है कि जहां पर मैं कुछ न कर सकूं, उस जगह से निकल जाऊं. मैं हमेशा एक अचीवर रही हूं—पढ़ाई में भी और खेल में भी. मैं अपने प्रोफेशन, खेल और रिश्तों के प्रति हमेशा ईमानदार रही हूं.”
नौकरी छोड़ने के बाद भी उनका खेल नहीं थमा, जिसका प्रमाण सेवानिवृत्ति के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जीते गए लगातार पदक हैं.
सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने कुछ समय के लिए राजनीति की ओर भी रुख किया था, लेकिन जल्द ही पीछे हट गईं. वह कहती हैं, “मुझे लगा कि मुझमें बदलाव लाने की क्षमता है. मैं जीवन भर ईमानदार रही हूं, तो लगा कि ऐसे लोगों को व्यवस्था में आना चाहिए. लेकिन अंदर जाने के बाद जब परिस्थितियां समझ आईं, तो मुझे लगा कि सक्रिय राजनीति में उलझने के बजाय बाहर से ही सही लोगों का समर्थन करना ज्यादा ठीक है.”
ये भी पढ़ें : जोहार शक्ति श्रृंखला भाग 7: लड़की हो कर ढ़ोल बजाती हो? कहानी हेमली कुमारी की
गांव की प्रतिभाओं की तलाश और माता-पिता का सहयोग
सुजाता का मानना है कि खेल की असली प्रतिभा आज भी ग्रामीण अंचलों में है, लेकिन उन्हें उचित अवसर नहीं मिल पाते. वह कहती हैं, “टैलेंट आज भी देहात से ही आता है. मैं देखती हूं कि जिन बच्चों में खेलने की ललक है, उनके पास साधन नहीं हैं. मैं अपने सीमित संसाधनों से उन्हें आगे बढ़ाने की कोशिश करती हूं.”
वह किसी भी खिलाड़ी के निर्माण में परिवार की भूमिका को सबसे अहम मानती हैं: “चाहे नीरज चोपड़ा हों, पीवी सिंधु, साइना नेहवाल या अभिनव बिंद्रा—सबके पीछे उनके माता-पिता का सहयोग रहा. सरकारी योजनाएं तो एक मुकाम पर पहुंचने के बाद मिलती हैं, लेकिन शुरुआत की नींव घर ही होता है. माता-पिता का प्रोत्साहन ही खिलाड़ी को बड़ा बनाता है.”
ये भी पढ़ें : जोहार शक्ति शृंखला भाग-3: दिहाड़ी मजदूर मां की एशियन चैंपियन बेटी, कहानी दीपिका सोरेंग की
बुजुर्गों का सम्मान और बेसहारा पशुओं की सेवा
फिलहाल सुजाता ‘तमिशा फाउंडेशन’ के जरिए सामाजिक कार्यों में जुटी हैं. हालांकि इस शुरुआत के दौरान उन्हें निजी स्तर पर गहरे आघात सहने पड़े. करीब एक साल पहले उनकी मां का निधन हो गया, जिन्होंने उनके बच्चों को पालने से लेकर उनके खेल तक में रीढ़ की तरह साथ दिया था. मां का जाना उनके लिए बहुत बड़ा मानसिक झटका था. इसी दौरान बेसहारा जानवरों की सेवा करते हुए वह गंभीर ‘डॉग बाइट’ का शिकार हुईं, जिससे उबरने में वक्त लगा. इसके बावजूद फाउंडेशन के तहत आवारा पशुओं को भोजन कराने, पौधरोपण और ग्रामीण स्कूलों में खेल को बढ़ावा देने का काम जारी है. इसके अलावा वह ऐसे बुजुर्गों की मदद कर रही हैं जिनके बच्चे बाहर रहते हैं या वे अकेले हैं. उन्हें डॉक्टर के पास ले जाना, दवा या खरीदारी कराना—यह सेवा पूरी तरह निशुल्क है. उनकी योजना वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक ऐसा केंद्र बनाने की है जहां वे बिना किसी पर आश्रित हुए, पूरे आत्मसम्मान और गरिमा के साथ सक्रिय जीवन जी सकें.
वह बताती हैं, “हम आवारा पशुओं को भोजन कराने, पौधरोपण और ग्रामीण इलाकों के सरकारी स्कूलों में खेल को बढ़ावा देने का काम कर रहे हैं. इसके अलावा ऐसे बुजुर्गों की मदद कर रहे हैं जिनके बच्चे बाहर रहते हैं या वे अकेले हैं. उन्हें डॉक्टर के पास ले जाना, दवा या खरीदारी कराना—यह सेवा पूरी तरह निशुल्क है. हमारा प्रयास है कि बुजुर्ग किसी पर बोझ न समझें, बल्कि सम्मान और गरिमा के साथ जिएं.”
‘मेडल के लिए स्वास्थ्य से खिलवाड़ न करें खिलाड़ी’: डोपिंग पर गंभीर चिंता
झारखंड पुलिस और राज्य के खेल परिदृश्य पर बात करते हुए वह गर्व से साथी खिलाड़ियों की उपलब्धियों को याद करती हैं. वह कहती हैं कि सरकार और विभाग से अब अच्छी सुविधाएं मिल रही हैं. लॉन बॉल में लवली चौबे, सुनील बहादुर और दिनेश कुमार जैसे पुलिसकर्मी विश्व स्तर पर पदक जीत रहे हैं, जबकि वॉलीबॉल और हैंडबॉल में भी पुलिस के खिलाड़ी बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं. लेकिन इसके साथ ही वह पावरलिफ्टिंग में तेजी से फैलते शॉर्टकट को लेकर गंभीर चेतावनी भी देती हैं.
वह कहती हैं, “झारखंड की लड़कियां पावरलिफ्टिंग में अच्छा कर रही हैं, लेकिन इस प्रदर्शन के पीछे एक चिंताजनक पहलू भी है. बहुत सी प्रतिबंधित दवाएं और ड्रग्स लिए जा रहे हैं. एक छोटे से मेडल के लिए अपनी सेहत को इतना बड़ा जोखिम देना कतई उचित नहीं है. खेल तभी तक खेल है जब वह आपकी हॉबी और जुनून हो. दवाइयां लेकर आगे बढ़ना अपने शरीर के साथ अन्याय है.”
सुजाता के अनुसार, स्थानीय प्रतियोगिताओं में महज दो-चार महीनों में कुछ खिलाड़ियों का असामान्य प्रदर्शन देखकर उन्होंने अपने एक छात्र को कांके क्षेत्र के एक जिम में प्रशिक्षण पद्धति देखने भेजा था. छात्र ने आकर बताया कि वहां अभ्यास के दौरान इंजेक्शन और सांस के जरिए ऐसे पदार्थ (एनाबॉलिक स्टेरॉयड आदि) लिए जा रहे थे, जो तात्कालिक ताकत तो देते हैं लेकिन फेफड़ों और शरीर को स्थायी नुकसान पहुंचाते हैं.
सुजाता युवा पीढ़ी को सीधा संदेश देती हैं: “शॉर्टकट कोई रास्ता नहीं होता. खेल को सिर्फ और सिर्फ ईमानदारी और कठिन मेहनत से ही जिया जा सकता है.”
No comments yet. Be the first to comment!