जोहार लाइव ब्यूरो
भारतीय महिला हॉकी टीम ने आइची-नागोया एशियन गेम्स 2026 में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए मेजबान जापान को 3-1 से हरा दिया. काकामिगाहारा में शुक्रवार को खेले गए पूल बी के मुकाबले में भारत ने शुरुआत से ही अपना दबदबा बनाए रखा. यह टूर्नामेंट में भारत की लगातार चौथी जीत थी जिससे सिंगापुर के खिलाफ एक पूल मैच बाकी रहते हुए ही सेमीफाइनल में उनकी जगह पक्की हो गई. टीम 12 पॉइंट्स के साथ दूसरे स्थान पर है.
चार मैचों में भारत ने दागे 59 गोल
भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स में अब तक जबरदस्त आक्रामक प्रदर्शन किया है. टीम ने चार मुकाबलों में कुल 59 गोल किए हैं. भारत ने अपने अभियान की शुरुआत उज्बेकिस्तान के खिलाफ 19-0 की जीत से की थी. इसके बाद इंडोनेशिया को 17-1 और थाईलैंड को 20-1 से हराया. जापान के खिलाफ 3-1 की जीत के साथ भारत ने पूल बी में लगातार चौथी जीत दर्ज की. अब भारत का पूल बी में एक मुकाबला सिंगापुर के खिलाफ बाकी है, लेकिन उससे पहले ही टीम ने सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है.
इन 59 गोलों में झारखंड की खिलाड़ियों का भी योगदान रहा है. सुनीता टोप्पो ने इंडोनेशिया के खिलाफ 17-1 की जीत में 2 गोल किए थे. जबकि भारतीय टीम की कप्तान सलिमा टेटे ने भी इंडोनेशिया के खिलाफ 1 गोल किया था. एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने अपने पहले 3 मैचों में कुल 59 गोल दागे हैं. दीपिका सहरावत ने शुरुआती तीन मैचों में शानदार प्रदर्शन करते हुए सबसे ज्यादा 20 गोल किए हैं। अन्य प्रमुख खिलाड़ियों के प्रदर्शन की जानकारी इस प्रकार है:
- दीपिका – 20 गोल
- नवनीत कौर – 10 गोल
- रुतुजा दादासो पिसल – 6 गोल
- इशिका चौधरी – 5 गोल
- लालरेमसियामी – 5 गोल
- साक्षी राणा – 4 गोल
- सलिमा टेटे – 1 गोल
- सुनीता टोप्पो – 2 गोल
- नेहा गोयल – 2 गोल
- ललथांतलुआंगी – 2 गोल
- बलजीत कौर – 1 गोल
भारतीय महिला हॉकी टीम की नजर अब एशियन गेम्स के गोल्ड मेडल पर है. भारत ने आखिरी बार 1982 में एशियन गेम्स में महिला हॉकी का स्वर्ण पदक जीता था. इसके बाद टीम को गोल्ड के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा है.
Also Read : डायन के नाम पर हिंसा : सितंबर में फिर तीन घटनाएं, 12 साल में 269 मौतों का रिकॉर्ड
कौन है एशियन गेम्स में सबसे आधिक गोल करने वाली खिलाड़ी दीपिका सहरावत
दीपिका सहरावत भारतीय महिला हॉकी टीम की प्रमुख फॉरवर्ड खिलाड़ियों में शामिल हैं. 6 दिसंबर 2003 को जन्मी दीपिका ने शुरुआत में अपने भाई के साथ कुश्ती का अभ्यास किया था, लेकिन 2012 में हॉकी स्टिक हाथ में लेने के बाद इसी खेल को अपना करियर बना लिया.
2018 सब-जूनियर नेशनल चैंपियनशिप में हरियाणा के लिए 16 गोल कर उन्होंने अपनी पहचान बनाई और उन्हें टूर्नामेंट की ‘बेस्ट प्लेयर’ चुना गया. वह 2022 एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता भारतीय टीम का हिस्सा थीं.
2026 एशियन गेम्स में दीपिका ने उज्बेकिस्तान के खिलाफ 8 गोल और थाईलैंड के खिलाफ 9 गोल किए. इसके साथ ही उन्होंने एक ही मैच में सर्वाधिक गोल करने का अपना अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया. चार मैचों के बाद उनके नाम कुल 20 गोल हैं.
कौन हैं दूसरी सबसे ज्यादा गोल करने वाली नवनीत कौर?
नवनीत कौर भारतीय महिला हॉकी टीम की अनुभवी फॉरवर्ड खिलाड़ी हैं. 26 जनवरी 1996 को शाहाबाद मारकंडा में जन्मी नवनीत 2018 एशियाई खेलों में रजत पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थीं.
8 अप्रैल 2022 को उन्होंने नीदरलैंड्स के खिलाफ FIH प्रो लीग मुकाबले में अपना 100वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेला. इस मुकाबले में शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ भी चुना गया. नवनीत इंडियन रेलवे के वेस्टर्न रेलवे में कार्यरत हैं. एशियन गेम्स 2026 में भी वह भारत की प्रमुख स्कोररों में शामिल हैं और अब तक 10 गोल कर चुकी हैं.
Also Read : 26 सितंबर 1857: पलामू में विद्रोह की वह जमीन, जहाँ नीलांबर-पीतांबर ने ललकारा था अंग्रेजी राज को

