विजय उरांव
झारखंड में डायन-बिसाही के नाम पर हिंसा का सिलसिला थमता नहीं दिख रहा है. सितंबर में ही पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में महिलाओं को डायन बताकर हिंसा और प्रताड़ना के मामले सामने आए हैं. पश्चिमी सिंहभूम में बीते 10 सितंबर को डलकी-02 गांव में 65 साल की महिला के साथ डायन बताकर मारपीट की गई. इसके कुछ ही दिन बाद 17 सितंबर को पंडावीर गांव में 58 साल की शंकरिन सुरिन की पत्थरों से पीटकर हत्या कर दी गई. इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
बीते 13 सितंबर को सरायकेला-खरसावां में भी एक महिला और उसके परिवार पर डायन-बिसाही का आरोप लगाकर मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का मामला सामने आया. यानी सितंबर के शुरुआती 17 दिनों में ही इस तरह की हिंसा के कम से कम तीन मामले सामने आ चुके हैं.
अगस्त में भी सामने आए थे कई मामले
यह सिलसिला सिर्फ सितंबर तक सीमित नहीं है. अगस्त में पलामू में 25 साल की चांका राजवार की डायन होने के शक में हत्या का मामला सामने आया था. पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया.
गढ़वा के भोजपुर गांव में 22 अगस्त को 55 साल की दिलबाशिया देवी को डायन बताकर पीटा गया और उन पर खौलता पानी डालने का आरोप लगा. महिला करीब 40 फीसदी तक झुलस गई. मामले में छह लोगों की गिरफ्तारी हुई. राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने भी इस घटना का स्वत: संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन और पुलिस से रिपोर्ट मांगी.
अगस्त के आखिर में पलामू और पश्चिमी सिंहभूम से भी डायन-बिसाही के आरोप में महिलाओं और उनके परिवारों के साथ मारपीट के मामले सामने आए.
12 साल के पुलिस रिकॉर्ड में 269 ‘डायन हत्या’
सितंबर की घटनाएं उस बड़े सवाल की तरफ इशारा करती हैं कि आखिर झारखंड में डायन-बिसाही के नाम पर हिंसा कितनी बड़ी समस्या है.
झारखंड पुलिस की 21 जिला पुलिस प्रोफाइल में दर्ज ‘Witch Death’ के आंकड़ों को 2014 से 2025 तक देखा जाए तो इस अवधि में कुल 269 मौतें दर्ज हैं. यह आंकड़ा पूरे झारखंड में डायन-बिसाही से हुई हर मौत का आधिकारिक राज्यव्यापी कुल नहीं है, बल्कि उपलब्ध 21 जिलों के पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज ‘Witch Death’ मामलों का संकलन है.
साल – दर्ज मौतें
2014 – 26
2015 – 27
2016 – 33
2017 – 22
2018 – 14
2019 – 31
2020 – 25
2021 – 19
2022 – 25
2023 – 18
2024 – 11
2025 – 18
कुल – 269
2016 में सबसे ज्यादा, 2024 में सबसे कम मामले
आंकड़ों में साल-दर-साल उतार-चढ़ाव दिखता है. साल 2016 में सबसे ज्यादा 33 मौतें दर्ज हुईं. इसके बाद 2019 में 31 और 2015 में 27 मौतें दर्ज की गईं.
वहीं साल 2024 में यह आंकड़ा घटकर 11 रह गया, जो 2014-2025 के बीच सबसे कम था. लेकिन अगले ही साल यानी 2025 में आंकड़ा फिर बढ़कर 18 हो गया.
इसके अलावा साल 2014 से 2025 के बीच औसतन हर साल करीब 22 मौतें दर्ज हुईं.
सिर्फ दो जिलों में 120 मौतें
जिला-वार आंकड़े इस समस्या के भौगोलिक पैटर्न को और साफ करते हैं. 21 जिलों में सबसे ज्यादा मामले पश्चिमी सिंहभूम में दर्ज हुए. यहां 2014-2025 के बीच 75 ‘Witch Death’ दर्ज हैं.
इसके बाद खूंटी में 45 मौतें दर्ज हुईं. यानी सिर्फ पश्चिमी सिंहभूम और खूंटी को मिलाकर 120 मौतें, जो 269 के कुल आंकड़े का करीब 45 फीसदी है.
अगर इसमें सिमडेगा के 20 और गुमला के 17 मामले भी जोड़ दें तो इन चार जिलों में कुल 157 मौतें दर्ज होती हैं. यानी 21 जिलों में दर्ज मौतों का करीब 58 फीसदी हिस्सा सिर्फ इन चार जिलों में है.
जिला | 2014-2025 में दर्ज मौतें
• पश्चिमी सिंहभूम – 75
• खूंटी – 45
• सिमडेगा – 20
• गुमला – 17
• सरायकेला-खरसावां – 15
• पलामू – 15
• लातेहार – 14
• गढ़वा – 10
• लोहरदगा – 9
• दुमका – 9
• हजारीबाग – 8
• पाकुड़ – 7
• चतरा – 6
• गिरिडीह – 5
• साहिबगंज – 5
• देवघर – 2
• जामताड़ा – 2
• कोडरमा – 2
• धनबाद – 1
• रामगढ़ – 1
• बोकारो – 1

2026 में मई तक 9 मौतें
2026 के मई तक इन 21 जिलों में 9 ‘Witch Death’ दर्ज हो चुकी थीं. इनमें पलामू में दो, जबकि पश्चिमी सिंहभूम, खूंटी, गुमला और दुमका में एक-एक मामला दर्ज है. गढ़वा में भी दो मामले दर्ज हैं.
इन आंकड़ों की सबसे अहम सीमा यह है कि ‘Witch Death’ सिर्फ मौतों को दिखाता है. डायन-बिसाही के नाम पर होने वाली हर हिंसा हत्या तक नहीं पहुंचती.
महिलाओं की पिटाई, घर से निकालना, सामाजिक बहिष्कार, धमकी, जमीन या संपत्ति को लेकर प्रताड़ना और जान से मारने की कोशिश जैसे मामले दूसरे अपराधों की श्रेणियों में दर्ज हो सकते हैं. इसलिए 269 का आंकड़ा डायन-बिसाही से जुड़ी पूरी हिंसा नहीं, बल्कि पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज एक खास श्रेणी की मौतों को दिखाता है.
झारखंड में डायन प्रथा पर रोक के लिए Prevention of Witch (Daain) Practices Act, 2001 लागू है. इसके बावजूद सितंबर 2026 में लगातार सामने आए मामले बताते हैं कि कानून बनने के करीब 25 साल बाद भी डायन के नाम पर महिलाओं को निशाना बनाने की घटनाएं पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं.
Also Read : झारखंड: गढ़वा में महिला को डायन बताकर खौलता पानी डाला, मानवाधिकार आयोग ने लिया स्वतः संज्ञान





