सिमडेगा पुलिस ने तकनीकी दक्षता और जनसहयोग का एक बेहतरीन उदाहरण पेश करते हुए ‘ऑपरेशन विश्वास’ के तहत बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने देश के विभिन्न राज्यों से खोजे गए 63 चोरी और गुमशुदा मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए हैं. इसके साथ ही, जनवरी से अब तक जिले में बरामद कुल मोबाइलों की संख्या 636 पहुंच गई है.
कई राज्यों से किया गया ट्रैक
विशेष अभियान के तहत बरामद किए गए इन 63 मोबाइलों को केवल झारखंड से ही नहीं, बल्कि हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, छत्तीसगढ़ और ओडिशा जैसे अन्य राज्यों से भी सर्विलांस के जरिए ट्रैक करके वापस लाया गया है. इनमें से 8 मोबाइल केंद्र सरकार के CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर दर्ज ऑनलाइन शिकायतों के आधार पर खोजे गए, जबकि 55 मोबाइलों की बरामदगी अन्य तकनीकी माध्यमों और पुलिसिया प्रयासों से संभव हो पाई.
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान एसपी ने खुद अपने हाथों से बरामद मोबाइल उनके असली मालिकों को सुपुर्द किए. लंबे समय से गायब और महंगे फोन वापस मिलने पर लोगों ने राहत की सांस ली और सिमडेगा पुलिस की इस पहल की जमकर सराहना की.
मोबाइल गुम हो जाए तो क्या करें
पुलिस का कहना है कि आज के समय में मोबाइल केवल बातचीत का साधन नहीं है, बल्कि इसमें लोगों का व्यक्तिगत डेटा, बैंकिंग ऐप्स, जरूरी दस्तावेज और अनमोल यादें जुड़ी होती हैं. इसके अलावा, गुम या चोरी हुए फोन का गलत इस्तेमाल आपराधिक गतिविधियों में होने की आशंका भी बनी रहती है. यही वजह है कि पुलिस तकनीकी संसाधनों का उपयोग कर इन्हें लगातार ढूंढने का प्रयास कर रही है.
सिमडेगा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनका मोबाइल गुम या चोरी हो जाता है, तो घबराएं नहीं बल्कि इन चरणों का पालन करें.
- थाने में सूचना दें: नजदीकी थाने में मोबाइल गुम होने की शिकायत या सनहा दर्ज कराएं.
- नया सिम लें: जरूरी प्रक्रिया पूरी कर उसी नंबर की दूसरी सिम प्राप्त करें.
- CEIR पोर्टल का उपयोग करें: सरकारी पोर्टल (ceir.gov.in) पर जाकर ‘Block Stolen/Lost Mobile’ विकल्प चुनें.
- विवरण दर्ज करें: मोबाइल का IMEI नंबर और मांगी गई अन्य जानकारी भरकर जरूरी दस्तावेज अपलोड करें.
- स्थिति जांचें: आवेदन सबमिट होने के बाद मिलने वाली Request ID के जरिए अपने आवेदन का स्टेटस ट्रैक करें.
Also Read : झारखंड : झारखंड पुलिस की मिशन मुस्कान से मिली 1,114 लोगों मिली खुशियां, CEIR पोर्टल से बरामद हुए खोए मोबाइल

