जमुई पीड़िता के परिजनों की तस्वीर सार्वजनिक करने के मामले में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को लेकर राजद नेता तेजस्वी यादव ने तीखा हमला बोला है. तेजस्वी ने कहा कि कल पॉक्सो एक्ट को लेकर एक बड़ा मामला सामने आया है और कानून सबके लिए बराबर होना चाहिए – चाहे गरीब हो या अमीर, नेता हो या अधिकारी, प्रधानमंत्री हो या मुख्यमंत्री.
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि सम्राट चौधरी ने पॉक्सो एक्ट का उल्लंघन किया है और यह सबने देखा है. उन्होंने मांग की कि बिहार पुलिस को तुरंत मुख्यमंत्री के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई करनी चाहिए.
80-90 लोगों पर कार्रवाई, फिर CM को छूट क्यों?
तेजस्वी यादव ने बताया कि जमुई या अन्य स्थानों पर हुई घटनाओं में पुलिस ने अब तक 80-90 लोगों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की है.
उन्होंने सवाल उठाया कि अगर मुख्यमंत्री के खिलाफ इस कानून के तहत कार्रवाई नहीं होगी, तो फिर कानून का क्या मतलब रह जाएगा. उन्होंने कहा कि अगर मुख्यमंत्री को अभियुक्त नहीं बनाया जाता तो बाकी लोगों पर कार्रवाई क्यों की जा रही है.
तेजस्वी ने चेतावनी दी कि अगर बिहार पुलिस मुख्यमंत्री को पॉक्सो एक्ट का अभियुक्त नहीं बनाती है, तो वे कोर्ट का रुख करेंगे और बिहार पुलिस को पार्टी बनाएंगे. उन्होंने कहा, “कानून से बड़ा कोई नहीं है, दोहरी नीति नहीं चल सकती.
इसके साथ ही तेजस्वी ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के खिलाफ पहले से कई हत्या के मुकदमे दर्ज हैं, लेकिन पुलिस अब तक निष्क्रिय बनी हुई है. उन्होंने कहा कि पूरे देश ने देखा कि किस तरह सम्राट चौधरी ने पीड़िता की तस्वीर उसके परिजनों के साथ सोशल मीडिया पर जारी की, जो खुद एक सबूत और एविडेंस है. उनका कहना था कि जब इसी आधार पर अन्य लोगों पर कार्रवाई हो रही है, तो मुख्यमंत्री को क्यों बख्शा जा रहा है.
गौरतलब है कि जमुई में एक नाबालिग छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़ और मारपीट की घटना के बाद बिहार की सियासत गरमाई हुई है और विपक्षी दल लगातार सरकार व पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं.
Also Read : झारखंड : बड़कागांव में 80 टीबी मरीजों को पोषण किट, इलाज के साथ खान-पान पर भी जोर

