बिहार में बाढ़ की स्थिति को लेकर सरकार की ओर से राहत और बचाव कार्य लगातार जारी हैं. प्रभावित परिवारों तक समय पर मदद पहुंचाने के लिए राहत शिविरों से लेकर चिकित्सा सुविधा और भोजन की व्यवस्था की जा रही है. इसी बीच राज्यसभा सांसद नितिन नबीन ने बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए अपने तीन महीने के वेतन की राशि मुख्यमंत्री राहत कोष में देने की घोषणा की है.
नितिन नबीन ने बताया कि वह अपने तीन महीने के वेतन के रूप में ₹6,35,000 मुख्यमंत्री राहत कोष में अंशदान कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा होना सामूहिक जिम्मेदारी है और राहत कार्यों में हरसंभव सहयोग किया जाना चाहिए.
बिहार में बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और प्रभावितों तक समय पर राहत एवं आवश्यक सहायता पहुँचाने के लिए सरकार पूरी तत्परता से कार्य कर रही है।
राज्यसभा सांसद के रूप में मैं भी अपने तीन महीने के वेतन की राशि, ₹6,35,000 मुख्यमंत्री राहत कोष में अंशदान करता हूँ।…
— Nitin Nabin (@NitinNabin) September 18, 2026
बाढ़ प्रभावित परिवारों को ₹7 हजार की आर्थिक मदद
राज्य सरकार के मुताबिक, बाढ़ प्रभावित परिवारों को ₹7,000 प्रति परिवार की वित्तीय सहायता दी गई है. इसके तहत अब तक ₹550 करोड़ से अधिक की राशि प्रभावित परिवारों को उपलब्ध कराई जा चुकी है.
सरकार की ओर से बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत शिविर और कम्युनिटी किचन चलाए जा रहे हैं. लोगों के लिए भोजन के साथ चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था की गई है. वहीं, बाढ़ के कारण प्रभावित हुए पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था भी की जा रही है.
NDRF और SDRF की टीमें बचाव कार्य में तैनात
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बचाव और राहत अभियान के लिए NDRF और SDRF की टीमें तैनात हैं. प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि जरूरत के मुताबिक प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री और अन्य जरूरी सहायता पहुंचाई जा सके.
बाढ़ से किसानों की फसलों को हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है. फसल क्षति का सर्वे पूरा होने के बाद प्रभावित किसानों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी.

शिवराज सिंह चौहान ने भी किया बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा
केंद्र सरकार की ओर से केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी बिहार के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति का जायजा लिया.
नितिन नबीन ने कहा कि बिहार के बाढ़ प्रभावित परिवारों के साथ पूरी प्रतिबद्धता के साथ खड़ा रहना जरूरी है. उन्होंने राहत और बचाव कार्यों में जुटे लोगों के प्रयासों का भी उल्लेख किया.
Also Read : इन डिटेल : बार-बार कोर्ट जाने से मिल सकती है राहत, झारखंड में 1 अक्टूबर से शुरू होगा Mediation अभियान

