New Delhi/Kolkata : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में भारतीय जनता पार्टी की बड़ी जीत के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए इस जीत को कार्यकर्ताओं की वर्षों की मेहनत और जनता के भरोसे का परिणाम बताया। प्रधानमंत्री ने लिखा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की रिकॉर्ड तोड़ जीत अनगिनत कार्यकर्ताओं के संघर्ष और समर्पण के बिना संभव नहीं थी। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं ने हर परिस्थिति में जमीनी स्तर पर काम किया और विकास के एजेंडे को लोगों तक पहुंचाया। यही पार्टी की असली ताकत है।
‘कमल खिल उठा, जनशक्ति की जीत’
अपने दूसरे पोस्ट में पीएम मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में “कमल खिल उठा है” और यह चुनाव हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने इसे जनशक्ति की जीत बताते हुए कहा कि राज्य की जनता ने भाजपा के सुशासन पर भरोसा जताया है। उन्होंने बंगाल के लोगों का आभार जताते हुए भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार जनता की उम्मीदों को पूरा करने के लिए पूरी ताकत लगाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा को मिला यह जनादेश अभूतपूर्व है और “डबल इंजन सरकार” राज्य में सभी वर्गों के लिए समान अवसर और सम्मान सुनिश्चित करेगी।
असम में भी जीत पर जताई खुशी
प्रधानमंत्री ने असम विधानसभा चुनाव में एनडीए की जीत पर भी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में दिन-रात मेहनत करने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं की यह बड़ी उपलब्धि है। पिछले एक दशक में हुए विकास कार्यों को उन्होंने जीत का प्रमुख कारण बताया। पीएम मोदी ने कहा कि असम की जनता ने एक बार फिर विकास और जनकल्याण की राजनीति पर भरोसा जताया है और केंद्र सरकार राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार काम करती रहेगी।
तमिलनाडु और पुडुचेरी पर भी दी प्रतिक्रिया
तमिलनाडु में एनडीए को मिले समर्थन के लिए प्रधानमंत्री ने मतदाताओं का धन्यवाद किया और बेहतर प्रदर्शन करने वाली पार्टी को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार राज्य के विकास और जनता के जीवन स्तर को सुधारने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं, पुडुचेरी में एनडीए कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर किए गए उनके प्रयासों की वजह से जनता ने एक बार फिर गठबंधन पर भरोसा जताया है।
Also Read : हजारीबाग कोषागार घोटाला में CID की कार्रवाई तेज, SIT ने एक और आरोपी दबोचा


