दिल्ली में झारखंड सरकार के अधिकारियों और कर्मचारियों के कामकाज को आसान बनाने को लेकर झारखंड भवन में अहम बैठक हुई. झारखंड सरकार के रेजिडेंट कमिश्नर अरवा राजकमल ने गृह मंत्रालय के मुख्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार चतुर्वेदी से मुलाकात कर कई मुद्दों पर चर्चा की.
बैठक में झारखंड सरकार के अधिकृत अधिकारियों, कर्मचारियों और सरकारी वाहनों के लिए प्रवेश पास और वाहन पास जारी करने, उनके नवीनीकरण और जरूरत के मुताबिक पास की संख्या बढ़ाने का मुद्दा प्रमुखता से उठा. तय सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए पास जारी करने की प्रक्रिया को आसान बनाने पर भी बात हुई.
दिल्ली में तैनात झारखंड के कर्मचारियों की सुविधाओं पर भी चर्चा
बैठक में दिल्ली में पदस्थापित झारखंड सरकार के अधिकारियों और कर्मचारियों की सुविधाओं, काम से जुड़ी जरूरतों और कल्याण से जुड़े मामलों पर भी चर्चा हुई. रेजिडेंट कमिश्नर ने कहा कि सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए सरकारी कामकाज के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर संबंधित विभागों के साथ बेहतर तालमेल जरूरी है.
इसके अलावा झारखंड भवन और दिल्ली में केंद्र व राज्य सरकार के अलग-अलग कार्यालयों में काम कर रहे वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ लगातार संवाद बनाए रखने पर जोर दिया गया. दिल्ली में रहने वाले झारखंड के लोगों की जरूरतों और समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए भी समन्वय बनाए रखने की बात कही गई.
केंद्र-राज्य के बीच तालमेल बेहतर करने पर जोर
बैठक में केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों तथा झारखंड सरकार के बीच अंतर-मंत्रालयी समन्वय को बेहतर बनाने पर भी चर्चा हुई. इसका मकसद राज्य से जुड़े आधिकारिक मामलों का समय पर निपटारा और केंद्र के साथ जरूरी कामकाज में बेहतर तालमेल सुनिश्चित करना है.
झारखंड सरकार के मुताबिक, दिल्ली में तैनात राज्य सरकार के अधिकारियों और कर्मचारियों से जुड़े कामों को सुगम बनाने के साथ-साथ केंद्र और राज्य के बीच प्रशासनिक समन्वय को मजबूत करने की दिशा में रेजिडेंट कमिश्नर का कार्यालय काम कर रहा है.

Also Read : आतंकी फंडिंग, रंगदारी और हथियार तस्करी केस में रिया सिन्हा को झटका, कोर्ट ने किया जमानत खारिज

