New Delhi : वेस्ट एशिया में बढ़ते तनाव के बीच बॉलीवुड एक्ट्रेस ईशा गुप्ता अब सुरक्षित भारत लौट आई हैं। वह कुछ दिनों से संयुक्त अरब अमीरात में थीं और हालात बिगड़ने के बाद वहीं फंस गई थीं। मंगलवार को उन्होंने सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट शेयर कर पूरी आपबीती बताई और भारत सरकार के साथ-साथ यूएई प्रशासन का शुक्रिया अदा किया।
एयरपोर्ट पर मचा हड़कंप
ईशा ने बताया कि 28 तारीख, रविवार को वह अबू धाबी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर थीं। दोपहर करीब 1 बजे अचानक एयरपोर्ट बंद कर दिया गया। चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई। किसी को समझ नहीं आ रहा था कि आखिर हुआ क्या है। थोड़ी देर बाद मिसाइल अटैक की खबरें आने लगीं। उन्होंने लिखा कि उस वक्त हर किसी के मन में डर था। लोग अपने घर फोन कर रहे थे, अपनों का हाल जानने की कोशिश कर रहे थे। अजनबी लोग भी एक-दूसरे को संभाल रहे थे। माहौल काफी तनावपूर्ण था और किसी को नहीं पता था कि अगले ही पल क्या होने वाला है।
होटल लौटना पड़ा
ईशा ने बताया कि वह अभी चेक-इन नहीं कर पाई थीं, इसलिए एयरपोर्ट बंद होने के बाद उन्हें वापस होटल लौटना पड़ा। वहां रात में दूसरे लोगों से पूरी स्थिति की जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट स्टाफ और सिक्योरिटी ने काफी समझदारी से हालात को संभाला और लोगों को शांत रखने की कोशिश की।
उड़ानों पर भी पड़ा असर
वेस्ट एशिया में बढ़ते तनाव का असर भारत की उड़ानों पर भी देखने को मिला। दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) ने बताया कि मिडिल ईस्ट की राजनीतिक स्थिति के कारण कई इंटरनेशनल फ्लाइट्स के समय में बदलाव किया गया। इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पश्चिम दिशा में जाने वाली कई उड़ानें लेट हुईं। यात्रियों को सलाह दी गई कि एयरपोर्ट आने से पहले अपनी एयरलाइन से ताजा जानकारी जरूर ले लें। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने भी कहा है कि सरकार हालात पर लगातार नजर रख रही है और जिन इलाकों का एयरस्पेस बंद है, उनसे बचते हुए फ्लाइट रूट बदले जा रहे हैं।
Also Read : दोहरे संकट में ईरान, जंग के बाद लगे भूकंप के झटके


