Ranchi : कांके रोड स्थित न्यू पुलिस लाइन में मंगलवार से दक्षिण छोटानागपुर क्षेत्रीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता की शुरुआत हो गई. तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता का उद्घाटन एडीजी मनोज कौशिक ने गुब्बारे उड़ाकर किया. प्रतियोगिता 21 से 23 जुलाई तक आयोजित होगी, जिसमें दक्षिण छोटानागपुर के पांच जिलों रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा और लोहरदगा की पुलिस टीमें हिस्सा ले रही हैं.
कई खेलों में दिखेगा पुलिसकर्मियों का दम
प्रतियोगिता के दौरान फुटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल, कबड्डी, एथलेटिक्स समेत कई खेलों का आयोजन किया जाएगा. सभी जिलों की टीमें लगभग हर खेल में अपनी भागीदारी दर्ज करा रही हैं. तीन दिनों तक पुलिसकर्मी खेल के मैदान में अपनी फिटनेस, टीम भावना और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे.
“तनाव कम करने का सबसे अच्छा जरिया है खेल”
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए एडीजी मनोज कौशिक ने कहा कि पुलिसकर्मी 24 घंटे ड्यूटी करते हैं. लगातार काम और जिम्मेदारियों के कारण उन पर मानसिक दबाव भी रहता है. ऐसे में खेलकूद न सिर्फ तनाव कम करने का जरिया है, बल्कि शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहने का भी सबसे बेहतर माध्यम है.
उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि प्रतियोगिता को सिर्फ जीत-हार के नजरिए से नहीं, बल्कि खेल भावना के साथ खेलें. हर मुकाबले में एक टीम जीतती है और दूसरी हारती है, लेकिन हार का मतलब कमजोर होना नहीं होता. खेल हमें अनुशासन, धैर्य और टीमवर्क सिखाता है.
खेल से बढ़ेगा उत्साह और कार्यक्षमता
रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताएं पुलिसकर्मियों की शारीरिक क्षमता के साथ-साथ मानसिक दक्षता भी बढ़ाती हैं. जब पुलिसकर्मी फिट और तनावमुक्त रहेंगे, तो वे और अधिक ऊर्जा और उत्साह के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभा सकेंगे.
उद्घाटन समारोह में एसएसपी राकेश रंजन के अलावा सिटी एसपी पारस राणा, ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, सदर डीएसपी संजीव बेसरा, सिटी डीएसपी केवी रमण, बेड़ो डीएसपी दीपक कुमार समेत कई डीएसपी, इंस्पेक्टर, झारखंड पुलिस और पुलिस मेंस एसोसिएशन के पदाधिकारी भी मौजूद रहे.
Also Read : कैसे बनीं प्रतिभा पाटिल भारत की पहली महिला राष्ट्रपति? जानिए पूरी कहानी

