New Delhi : 77वें गणतंत्र दिवस के मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को उनके असाधारण योगदान के लिए सम्मानित किया। ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (ISS) की ऐतिहासिक यात्रा और अंतरिक्ष कार्यक्रम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए अशोक चक्र, देश का सर्वोच्च शांतिकालीन सैन्य सम्मान, से नवाजा गया। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या यानी 25 जनवरी को इसकी औपचारिक घोषणा की गई।
शुभांशु शुक्ला ने 26 जून 2025 को नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर से स्पेसएक्स के ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट के जरिए उड़ान भरी और ISS तक पहुंचने का गौरव हासिल किया। वह ISS पर कदम रखने वाले पहले भारतीय अंतरिक्ष यात्री बने। हालांकि, अंतरिक्ष में जाने वाले भारतीयों में वे राकेश शर्मा के बाद दूसरे हैं, जिन्होंने 1984 में सोवियत सोयुज यान से अंतरिक्ष यात्रा की थी। उनकी यह 18 दिवसीय अंतरिक्ष यात्रा 41 वर्षों बाद किसी भारतीय की मानव अंतरिक्ष उड़ान थी।
एक अनुभवी फाइटर पायलट के रूप में ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के पास Su-30 MKI, MiG-21, MiG-29, Jaguar, Hawk, Dornier और An-32 जैसे विमानों पर 2,000 घंटे से अधिक का उड़ान अनुभव है। इसी अवसर पर गगनयान मिशन के लिए चयनित चार अंतरिक्ष यात्रियों में शामिल ग्रुप कैप्टन पी.बी. नायर को उनकी उपलब्धियों के लिए कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया।
Also Read : पीएम मोदी ने दी 77वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं


